मेरठ। रेल यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करने और अपराधियों पर लगाम कसने के लिए सिटी व कैंट स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। सिटी स्टेशन पर कैमरों के लिए केबल बिछाई जा चुकी है। वहीं कैंट स्टेशन पर शुक्रवार को पहुंची रेल टेल की सर्वे टीम ने स्टेशन के सभी संवेदनशील प्वाइंटों का निरीक्षण किया। यहां भी 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं।
रेल बजट 2018-19 में भी सीसीटीवी कैमरों का प्रावधान किया गया है। इस कड़ी में मेरठ सिटी स्टेशन पर लगाए जाने वाले 15 कैमरों का काम पहले से ही प्रगति पर है। इसके लिए रेलवे की इंटरनेट सेवा प्रदाता रेल टेल ने केबल लगा दिए हैं। जल्द ही चिह्नित किए गए प्वाइंटों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे। शुक्रवार को रेल टेल टीम ने आरपीएफ इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार और कैंट स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह को साथ लेकर कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां पर भी 15 कैमरे लगाए जाना प्रस्तावित किया गया है। आरपी सिंह ने बताया कि कैमरे लगने से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी हो जाएगी।