मेरठ। विश्व मधुमेह दिवस पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), वर्ल्ड डायबिटीज फाउंडेशन और अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से ‘ग्लोबल डायबिटीज वॉक’ का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन डीएम समीर वर्मा करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार भी मौजूद रहेंगे।
ग्लोबल डायबिटीज का आयोजन मधुमेह बीमारी की ओर लोगों का ध्यान दिलाने और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसकी शुरुआत सुबह साढ़े नौ बजे सीएमओ कार्यालय से रैली का शुभारंभ करने से होगी। रैली सर्किट हाउस के सामने से मेरठ कॉलेज और फिर कैलाश स्टेडियम होते हुए सीएमओ कार्यालय पर आकर संपन्न होगी। इसमें 500 एनसीसी कैडेट्स, 100 स्टूडेंट्स, जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय के डॉक्टर शामिल होंगे। इनके अलावा इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ क्लब के संजीव गुप्ता ने बताया कि लायंस क्लब इंटरनेशनल के सदस्य, पदाधिकारी भी इसमें भाग लेंगे। वॉक में 10वीं, 12वीं और डिग्री कॉलेज के स्टूडेंट भाग ले सकते हैं। वॉक में शामिल होने वालों को एक ई-सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
जिला अस्पताल में लगेगा निशुल्क चिकित्सा शिविर
विश्व मधुमेह (डायबिटीज) दिवस पर ही एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इसमें डायबिटीज, हाइपरटेंश, बीएमआई (मोटापा) जांच की जाएगी।