मेरठ। गुदड़ी बाजार क्षेत्र के छोटे मियां हाउस इस्माईल नगर में रविवार को तहरीक-ए-फहमुल कुरान के 24वें वार्षिक जलसे का आयोजन किया गया। इसमें उलेमाओं ने कहा कि समाज में सुधार के लिए कुरान पर पूरी तरह अमल करना जरूरी है।
जलसे का आगाज अब्दुल कय्यूम कासमी ने किया। इसके बाद मुफ्ती मो. अब्दुल्लाह कासमी ने कुरान-ए-पाक का तर्जुमा बयान किया। शहरकाजी प्रो. जैनुस साजिद्दीन की अध्यक्षता में हुए जलसे में अमरोहा के आलिम मौलाना मुफ्ती अफ्फान कासमी ने कहा कि सभी बुराईयां कुरान-ए-करीम पर अमल करने से ही दूर होंगी। जलसे में पूर्व अध्यक्ष इस्लामी स्टडीज डॉ. बसीर अहमद खां ने कहा कि मुसलमानों को लेकर उनके किरदार को निशाना बनाया जा रहा है। शहरकाजी ने कहा कि आज कुरान को समझने से ही जिंदगी कामयाब होगी। संचालन करते हुए मौलाना मो. साबिर कासमी ने कहा कि हर मुसलमान अपने बच्चों को कु़रान की तालीम जरूर दिलाए। नजर अली, जमील खां, मो. अली, अनस अहमद, काजी शुएब अहमद, अब्दुल वकार, सरताज आलम, मो. उस्मान, मो. आरिफ, सरफराज, जहीर अहमद, डॉ. नौशाद अहमद आदि मौजूद रहे।