ध्वस्तीकरण के आदेशों के बाद भी निर्माण कार्य जारी
मेरठ। सेंट्रल मार्केट में उच्च न्यायालय ने 46 अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण के आदेश दे रखे हैं, लेकिन मौके पर अभी भी निर्माण कार्य हो रहा है। माना जा रहा है कि निकाय चुनाव बाद कार्रवाई हो सकती है।
सेंट्रल मार्केट स्थित एक डेयरी पर बृहस्पतिवार रात तीसरी मंजिल पर लिंटर डाल दिया गया। इस पर आरटीआई कार्यकर्ता और सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण मामले में याचिकाकर्ता राहुल राणा ने लखनऊ आवास आयुक्त को शिकायत पत्र भेजा है। जिसमें कहा गया है कि उक्त डेयरी एक विधायक के भतीजे की है। वहां निर्माण कार्य कर न्यायालय के आदेशों की अवहेलना हो रही है। राहुल राणा ने मामले में परिवाद दायर करने की बात कही है। वहीं आवास विकास के अधीक्षण अभियंता एसपीएन सिंह का कहना है कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद भी निर्माण करने की शिकायत आई है। मामले में एफआईआर कराने की तैयारी हो रही है। न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने का किसी को हक नहीं है।
खास बात
सेंट्रल मार्केट में निर्माण कर हो रही कोर्ट के आदेशों की अवहेलना, शिकायत की