मेरठ। मोहकमपुर, माधवपुरम और टीपी नगर बिजलीघरों से रविवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से छुट्टी का मजा किरकिरा हो गया। अधिकांश लोग अपने जरूरी काम भी नहीं निपटा सके। बिजली विभाग तय शेड्यूल में काम पूरा नहीं कर पाया, जिससे क्षेत्र में हाहाकार मच गया। सुबह 10:30 बजे से ठप बिजली आपूर्ति मध्याह्न 3:15 बजे के बाद ही सामान्य हो पायी।
33 केवी की लाइनों पर काम करने के लिए नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम ने 33 केवी के इन तीनों बिजलीघरों के लिए पूर्वाह्न 11 बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक के लिए शटडाउन लेने की सूचना उपभोक्ताओं को दी थी। लेकिन 11 बजे की बजाय सुबह 10:30 बजे से बिजली बंद कर दी गई। इसके बाद दोपहर दो बजे तक बिजली सामान्य नहीं की गई। तय समय पर बिजली नहीं आने पर उपभोक्ताओं ने बिजलीघरों पर फोन कर जानकारी लेनी शुरू कर दी। लेकिन कॉल तक रिसीव नहीं हुईं।
टीपीनगर निवासी सरदार राजवीर सिंह ने बताया कि बिजली नहीं होने से लोगों की रविवार की छुट्टी का मजा ही किरकिरा हो गया। विभाग को तय समय के अंदर कार्य पूरा करके आपूर्ति करनी चाहिए। पंजाबी पुरा निवासी वीरेंद्र जैन उर्फ बिल्लू ने बताया कि उन्होंने इस बाबत फोन किया तो बिजलीघर पर किसी ने कॉल ही रिसीव नहीं की। माधवपुरम निवासी नरेश शर्मा, प्रमोद व गौरव ने बताया कि आए दिन बिजली कटौती से परेशानी होती है। रविवार को सप्ताह भर का काम निपटाना होता है। बिजली नहीं आने से पानी भी नहीं मिल सका। अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि तीन घंटे के लिए शटडाउन लिया गया था। लेकिन इस बीच कार्य पूरा नहीं होने पर बिजली आपूर्ति सामान्य करने में देरी हुई। मध्याह्न तीन बजे तक आपूर्ति सामान्य कर दी गई थी।