हटेंगी डेयरियां, हरित पट्टी होगी मुक्त
मेरठ। शहर में पशु डेयरियों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने आदेश दिए हैं कि शहर में कोई पशु डेयरी नहीं चलेगी। खासकर हरित पट्टी पर अवैध रूप से संचालित डेयरियों को हटाया जाएगा। शुक्रवार को कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ने जागृति विहार से गुजर रहे नाले की पटरी स्थित हरित पट्टी का निरीक्षण करते समय निगम अधिकारियों का इस संबंध में निर्देश दिए।
जागृति विहार में कीर्ति पैलेस के निकट नाले की पटरी पर हरित पट्टी है। यहां पर लोगों ने पेड़ उखाड़कर स्थाई रूप से कब्जा करके डेयरियां खोली हैं। एक एक डेरी में 10 से 30 पशु हैं। कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ने शहर की हरित पट्टी को कब्जा मुक्त करने और पेड़ पौधे लगवाए जाने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम प्रशासन पिछले 15 दिन से जहां हरित पट्टी से अतिक्रमण हटवा रहा है। वहीं जागृति विहार हरित पट्टी पर अवैध रूप से डेयरियां चलाने वालों को स्वयं डेयरियां हटाने की चेतावनी दी जा रही है। शुक्रवार को कमिश्नर अपने साथ नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान, चीफ इंजीनियर कुलभूषण वार्ष्णेय, संपत्ति अधिकारी राजेश कुमार को साथ लेकर जागृति विहार पहुंचे। उन्होंने पैदल ही पूरी हरित पट्टी का निरीक्षण किया। शाम के समय जब वह निरीक्षण कर रहे थे तो पशु डेयरियों के बाहर दूध लेने वालों की लंबी लाइनें लगी थीं। कमिश्नर ने चेतावनी दी कि चार दिन के भीतर वह स्वयं अपनी डेयरियों को हटा कर हरित पट्टी को मुक्त कर दें, अन्यथा नगर निगम की टीम हटाएगी।
खास बातें
जागृति विहार में कमिश्नर ने नगरायुक्त के साथ किया निरीक्षण
डेयरी संचालकों को दी चेतावनी, चार दिन में खुद ही हटा लें डेयरियां, नहीं तो हटा देंगे