हादसों में तीन पुलिस कर्मियों सहित 21 की मौत
सहारनपुर। हादसों में सोमवार और मंगलवार को 21 लोगों की मौत हो गई। इनमें भाजपा नेता के पुत्र और तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
सहारनपुर में अंबाला रोड स्थित मेला गुघाल पुल पर अनियंत्रित होकर कार नीचे जा गिरी। मोहल्ला न्यू माधवनगर निवासी भाजपा के केशव मंडल उपाध्यक्ष संजीव विश्वकर्मा के पुत्र रोहन (18) और उसके दोस्त रोहित (24) की मौत हो गई। इसके अलावा नजरपुर के हिम्मतनगर निवासी विशाल (22) और उसके दोस्त अभिषेक (23), मंडी क्षेत्र की अमन कालोनी निवासी कलीम (20) और महमूदपुर नगली निवासी अगम (22), गांव बसेड़ा निवासी राजपाल कश्यप (65), सुल्तानपुर के मोहल्ला खेड़े वाला निवासी राज कुमार (50) ने भी हादसों ने दम तोड़ दिया।
बिजनौर के नगीना में गांव सालमाबाद निवासी रोबिन उर्फ शिवा (19) की बाइक फिसलने से मौत हो गई। हंसुपुरा के पास हादसे में शाहनजरपुर कोट निवासी दलपत सिंह (35) की मौत हो गई। शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी राकेश (19) की दुर्घटना में मौत हो गई। धामपुर के नई सराय निवासी नवाब अहमद (48) की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई।
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाने से कार में सवार होकर सोहजनी तगान पुलिस चौकी जा रहे पांच सिपाहियों की कार शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग पर बिजली के खंभे से टकरा गई। तीन सिपाहियों अजय, प्रदीप और महेंद्र की मौत हो गई। दो सिपाही प्रवेश और नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव कूकड़ा के मोहल्ला अमित विहार निवासी सागर की बाइक डिवाइडर से टकरा जाने से मौत हो गई। तितावी क्षेत्र में लालूूखेड़ी के निकट दो बाइकों की भिड़ंत में बदायूं के थाना बिलसी क्षेत्र के गांव सतेती निवासी मोनू (26) की मौत हो गई। रतनपुरी क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के गांव सपनावत निवासी अवधेश की पत्नी सुनीता की मौत हो गई।
बागपत कोतवाली क्षेत्र के गांव सरूरपुर कलां में हाईवे पर बाइक फिसलने से गांव नौरोजपुर निवासी रवि (22) की मौत हो गई। वहीं, छपरौली के रठौड़ा के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से चालक जयवीर की मौत हो गई। सरूरपुर चौकी के पास हादसे में राजेंद्र निवासी सरूरपुर की मौत हो गई।