राहगीरों के लिए परेशानियों की पैठ
मवाना। बीते कुछ सप्ताह से नियम विरुद्ध तरीके से तहसील मार्ग के दोनों ओर दुकानें लगने से राहगीरों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों ओर लग रही पैठ पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ध्यान देना गवारा नहीं समझ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका द्वारा रविवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ का ठेका छोड़ा हुआ है। पालिका द्वारा केवल जूनियर हाईस्कूल के निकट स्थित मैदान में पैठ के लिए ठेका छोड़ा गया था। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर तहसील मार्ग पर साप्ताहिक पैठ लगवा दी जाती हैं।
पहले केवल नियम विरुद्ध तरीके से तहसील मार्ग पर केवल एक ओर ही दुकानें लगवाई जा रही थीं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की लापरवाही के चलते बीते कुछ सप्ताह से रविवार को ठेकेदार ने तहसील मार्ग पर दोनों ओर दुकानें लगवानी शुरू कर दी हैं। आज भी सड़क के दोनों ओर दुकानें लगीं। जिससे इस मार्ग को गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा भीड़ से बचने के लिए घूमकर जाना पड़ा। हालांकि इसी मार्ग पर तहसील और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित हैं। तहसील में एसडीएम, सीओ, तहसीलदार के कार्यालय तथा आवास हैं। इस ओर किसी भी अधिकारी ने ध्यान देना गवारा नहीं किया। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। ठेकेदार को बुलाकर हिदायत दी जाएगी। यदि फिर भी नहीं मानता तो कार्रवाई की जाएगी।