मोदीनगर, मुरादगनर और मोहिउद्ीनपुर में लगा भीषण जाम
शाम को शहर में भी कई स्थानों पर बनी रही जाम की स्थिति
मुरादनगर/मेरठ। सप्ताह के आखिरी दिन रविवार को जैसे ही वाहनों का दबाव तो तो हाईवे पर पूरी यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। मेरठ की सीमा में जहां मोदीपुरम, कंकरखेड़ा बाईपास, परतापुर तिराहा, मोहिउद्दीनपुर में जाम लगा रहा। मोदीनगर और मुरादनगर में भीषण जाम ने स्थिति बिगाड़ दी। शहर में भी कई स्थानों पर जाम लगा रहा।
दिल्ली मेरठ हाईवे पर मुरादनगर में गहरे गड्ढों और वाहनों की अधिकता के चलते रविवार को हाईवे पर भीषण जाम लग गया। करीब सात किमी लंबे जाम में फंसे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह से लेकर देर रात तक लोग हाइवे पर जाम से जूझते रहे। हालांकि प्रत्येक कट पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, ताकि जाम नहीं लगे। रविवार को वाहनों की अधिकता और बारिश के चलते बने गहरे गड्ढों के कारण हाईवे पर भीषण जाम लग गया। हाईवे पर दोनों ओर जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। मोरटा से लेकर मुरादनगर गंगनहर की दूरी तय करने में लोगों को दो घंटे से अधिक का समय लगा। शादी में जाने वाले लोगों को भी जाम का सामना करना पड़ा। एंबुलेंस समेत कई वीआईपी गाड़ियां जाम में फंसीं नजर आईं। हालांकि पीडब्ल्यूडी हाईवे पर गड्ढों को भरने का काम कर रहा है। इसके बावजूद लोगों को जाम से निजात नहीं मिली। इससे बचने के लिए लोगों ने गंगनहर कांवड़ मार्ग, कनौजा कुशलिया, पाइप लाइन संपर्क मार्ग का सहारा लिया। इसके चलते संपर्क मार्गों पर भी जाम की स्थिति बनी रही। प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह का कहना है कि जाम न लगे इसके लिए प्रत्येक कट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी।
शाम को दिल्ली रोड पर भी जाम
शाम को फिर से दिल्ली रोड पर जाम लग गया। जीरो माइल चौराहा, बेगमपुल, भैसाली बस अड्डे के सामने, जली कोठी चौराहा, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, बागपत रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, बिजली बंबा बाईपास, हापुड़ अड्डा और भूमिया पुल पर भी जाम लगा रहा।