अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। तहसील रोड पर पशु चिकित्सालय के निकट जिस भूखंड को पालिका अपनी बताकर बोर्ड लगाने तथा तारबंदी कराने में जुटी थी। वह एसडीएम द्वारा गठित टीम की जांच में निजी स्वामित्व की पाई गई। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट के बाद पालिका लिपिक को निर्देशित किया। जिसमें कहा कि नजूल की भूमि पर कब्जे की सूची तैयार कर बेदखल किए जाएं तथा सब रजिस्ट्रार को बैनामों पर रोक लगाकर आदेश जारी किया है।
नगर पालिका क्षेत्र में तालाब एवं नजूल की भूमि पर अवैध कब्जों को रोक पाने में नाकाम पालिका कर्मचारी एवं सभासद निजी स्वामित्व की भूमि को पालिका की बताकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। हाल ही में पालिका के कुछ सभासदों द्वारा पशु चिकित्सालय के निकट खाली पड़े भूखंड को पालिका की बताकर तारबंदी कराने एवं पालिका का बोर्ड लगाने जा पहुंचे। इस दौरान चेयरपर्सन सबीला अंसारी भी सभासदों के साथ पहुंची थी। अधिवक्ता संजीव त्यागी एवं चौक बाजार निवासी संजय आदि ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने वहां पालिका का बोर्ड नहीं लगने दिया था। जिस पर एसडीएम अमित कुमार ने राजस्व निरीक्षक, लेखपाल के साथ पालिका लिपिक मनोज के नेतृत्व में जांच टीम गठित की थी। टीम ने पूर्व में मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि पालिका की भूमि पर पहले से ही भवन बने हुए हैं। पालिका की भूमि पर अवैध कब्जा है, जबकि प्लॉट पालिका का न होकर निजी स्वामित्व का है। जांच टीम ने रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने एक पत्र पालिका लिपिक मनोज कुमार को जारी कराया। जिसमें लिखा कि खसरा संख्या 2779/1, 2779 /2 व 2779/4 निजि स्वामित्व का है। पालिका की भूमि खसरा संख्या-2779/3 पर अवैध कब्जे हैं। उनकी सूची तैयार कर तत्काल बेदखली की कार्रवाई की जाए। अवैध कब्जा धारकों के नाम एवं पता तत्काल प्रभाव से कार्यालय में उपलब्ध कराए जाए ताकि पालिका की भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में एसडीएम ने उप निबंधक सब रजिस्टार को भी निर्देशित किया है कि पालिका नजूल की भूमि खसरा संख्या 2779/3 पर बैनामे रोक दे।
पालिका नजूल की भूमि कब्जा मुक्त होनी चाहिए उस पर कभी भी कब्जा हुआ हो।-शबीला अंसारी, चेयरपर्सन नगर पालिका सरधना
जांच रिपोर्ट के आधार पर पालिका को निर्देशित करने के साथ उप निबंधक को भी पत्र लिखा है। जिससे पालिका की नजूल की भूमि खसरा संख्या-2773/3 की भूमि का कोई बैनामा न कर सके। जिनके मकान बने हैं, उनकी पालिका से सूची मांगी गई है। जिससे जल्द से जल्द बेदखली की कार्रवाई की जा सके।-अमित कुमार, एसडीएम सरधना
मुख्य बातें
तहसील रोड पर पशु चिकित्सालय के निकट स्थित भूखंड को लेकर एसडीएम ने गठित की थी जांच कमेटी