जैनपुर उर्फ देवलीखेड़ा के डीलर के पिता के नाम से दो राशन कार्ड जारी
अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। विकास खंड क्षेत्र के गांव जैनपुर उर्फ देवलीखेड़ा में राशन वितरण के मामले में बड़ा घोटाला सामने आया है। तीस साल से मृतकों को पात्र दर्शाकर राशन वितरण में गड़बड़ी की जा रही है। साथ ही मानक के विपरीत लोगों के अन्तोदय कार्ड की पात्रता दर्शाकर लाखों रुपये के राशन का गबन किया गया है। इससे परेशान लोगों ने भंडाफोड़ करते हुए वितरण से वंचित ग्रामीणों, अपात्रों और मृतकों की सूची डीएम को सौंपकर राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
गांव देवली खेड़ा उर्फ जैनपुर के ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत करते हुए कहा कि अफसर अली के नाम से राशन एजेंसी है। आरोप है कि वह पिछले दो साल से राशन का वितरण नहीं कर रहा है। पात्रों को राशन मांगने पर धमकी देकर भगा देता है। ग्रामीणों का आरोप है कि वह दो साल से गरीबों का राशन डकार रहा है। आरोप है कि डीलर ग्रामीणों को राशन नहीं देता है। हालांकि दर्जनों लोगों के नाम रजिस्टर में दर्ज हैं, लेकिन आज तक उनके कार्ड जारी नहीं किए गए हैं। हर महीने ग्रामीणों के नाम से आने वाले राशन और केरोसिन की कालाबाजारी की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से कालाबाजारी को अंजाम दिया जा रहा है। इसकी कई बार शिकायत के बावजूद डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने डीएम को प्रार्थना पत्र सौंपकर जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि इनके अतिरिक्त डीलर ने अपने चहेतों के राशन कार्ड गलत ढंग से बनवाए हैं। साथ ही लगभग 29 कार्ड ऐसे बनाये गये हैं जो गांव के निवासी ही नहीं हैं। जिसके लिए दूसरी ग्राम सभा के लोगों के कागजों में हेराफेरी करके उन्हें राशन का वितरण कराया जा रहा है। हालांकि जो लोग कई वर्ष पहले गांव छोड़ चुके हैं। उनके कार्डों पर लगातार राशन का वितरण दर्शाकर जमकर कालाबाजारी की जा रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गई शिकायत में मृतकों के नाम भी सौंपे हैं। जिनके नाम पर राशन वितरण किया जा रहा है।
मृतकों की सूची
जाफरी (कार्ड संख्या- 2137402486724),
अनीशा (कार्ड संख्या- 213710017627),
सईदन (कार्ड संख्या- 213710017565)
माया (कार्ड संख्या-213840396005,)
जगवती (कार्ड संख्या- 213740228974),
रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी
दर्जन भर से ज्यादा मृतकों के कार्ड बनवाकर लाभ लिया जा रहा है। यही नहीं अपने परिजनों के बीपीएल और अंत्योदय कार्ड बनवा कर राशन डकारा जा रहा है। ग्रामीणोें ने शिकायत की कि राशन डीलर ने अपने पिता का अंत्योदय कार्ड बनवा रखा है। हालांकि वे गांव में पांच वर्ष प्रधान रह चुके हैं। करीब तीन वर्ष पहले बशीर पुत्र अल्लाराजी का निधन हो चुका है। इनका भी अंत्योदय कार्ड बनवा कर उनके नाम पर भी लगातार राशन उठाया जा रहा है। ग्रामीणों ने मामले को लेकर जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। उधर, इस मामले के बारे में एसडीएम सरधना अमित कुमार का कहना है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई है। टीम मौके पर सभी बिंदुओं के तहत जांच करेगी। रिपोर्ट मिलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।