रवि गौतम ने जारी किया हिसाब-किताब का ब्योरा
सहारनपुर। जंतर मंतर पर भीम आर्मी के प्रदर्शन के दौरान आए चंदे का विवाद गहरा रहा है। युवा शक्तिदल के संस्थापक रवि गौतम ने सोशल मीडिया पर एक हिसाब किताब का विवरण वायरल किया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि भीम आर्मी के किस पदाधिकारी को कितने रुपये दिए, कितना पैसा कहां खर्च किया गया। रवि गौतम के दावे और विवरण को भीम आर्मी जिलाध्यक्ष कमल वालिया ने पूरी तरह से नकार दिया है। उनका कहना है कि उन्हें न तो कोई पैसा दिया गया और न ही अभी हिसाब किताब दिया गया है।
युवा शक्तिदल के संस्थापक रवि गौतम ने यह लिस्ट मीडिया कर्मियों को भी भेजी है साथ ही सोशल मीडिया पर भी जारी की है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के जंतर मंतर पर जो धनराशि इकट्ठा हुई थी, उसने वह राशि गत वर्ष 21 मई 2017 को ग्राम पसौंडा में भीम आर्मी नेताओं को सौंपी थी। जेल में मुलाकात के दौरान चंद्रशेखर को भी दो बार मौखिक रूप से जानकारी दी। उनके जेल से बाहर आने पर लिखित हिसाब दे दिया था। शब्बीरपुर में 1.20 लाख रुपये की खाद्य सामग्री बांटी गई थी। इसके अलावा किसको कितने पैसे दिए गए, इसका जिक्र रवि गौतम ने किया है। कुछ पैसा जरूरत के सामान की खरीदारी पर भी खर्च करने की बात कही गई है। इस मामले में भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया का कहना है कि मुझे कोई पैसा किसी ने नहीं दिया है और न ही कोई खर्च का कोई लिखित हिसाब दिया गया है। यह सब गलत आरोप हैं। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन से भी उनके मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया गया। चंद्रशेखर का फोन स्विच आफ आ रहा था, विनय रतन के मोबाल पर काल अटेंड नहीं हो रही थी।