मेडिकल कॉलेज बवाल की होगी उच्चस्तरीय जांच
मेरठ। चिकित्सा शिक्षा एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में मेरठ मेडिकल कॉलेज में हुई बवाल की घटना की निंदा की। कहा कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के प्रोफेसरों और अन्य शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग की सुविधाएं जल्द मिलेंगी। इसके लिए शासनादेश तैयार किया जा रहा है। उन्होंने महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. केके गुप्ता से इसकी प्रगति पूछी तो उन्होंने कहा कि बस शासनादेश तैयार होने की देरी है। सरकारी चिकित्सकों के प्राइवेट प्रैक्टिक से सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सकों को प्राइवेट प्रैक्टिस करने की अनुमति नहीं है। हालांकि उन्होंने मीडियाकर्मियों के इस सवाल पर सहमति जताई कि संविदा पर रखे गए चिकित्सक प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं तो उन्हें नियमित सरकारी चिकित्सकों से ज्यादा सैलरी मिल जाती है, जिससे चिकित्सक कुंठित होते हैं और कुछ सरकारी चिकित्सक सरकारी प्रैक्टिस छोड़कर निजी प्रैक्टिस कर रहे हैं।
मंत्री ने जाना डॉ. अजीत चौधरी का हाल
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने इमरजेंसी के ट्रामा वार्ड में भर्ती सीएमएस डॉ. अजीत चौधरी का हाल जाना। उन्हें आश्वासन दिया कि परेशान न हों। इलाज कराएं। इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
अमर उजाला देखकर बोले, ये क्या हो रहा है
चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने शनिवार सुबह हिंदी अखबार लाने को कहा। अमर उजाला में मेडिकल में हुए बवाल की खबर देखकर वह नाराज हो गए और बोले कि मेडिकल में यह क्या हो रहा है। ऐसी स्थिति में क्या मेडिकल जाना चाहिए। सूत्रों का कहना है कि बाद में उनकी काफी मान मनोव्वल की गई, तब वह कार्यक्रम में शिरकत करने आए।