मेरठ। रविवार रात से शुरू हुई बारिश में शहर से लेकर गांव तक की बिजली बेपटरी हो गई। वीआईपी इलाके सिविल लाइन में भी 22 घंटे तक बिजली कट रही। साकेत जैसी कॉलोनी में भी बिजली आपूर्ति ठप रही। बारिश बंद नहीं होने से फाल्ट अटैंड नहीं किए जा सके। कहीं पेड़ टूटकर लाइनों पर गिरे तो कहीं इंसुलेटर बर्स्ट हो गए। बारिश बंद होने के बाद ही फाल्ट ठीक कर आपूर्ति सामान्य हो सकी।
रविवार रात को हुई बारिश में 132 केवी मेडिकल सब स्टेशन से सिविल लाइन व सेंट लुक्स बिजलीघर के लिए आ रही 33 केवी लाइन के दर्जनों इंसुलेटर एक के बाद एक डैमेज हो गए। इंसुलेटर बर्स्ट होने से दोनों बिजलीघर ठप हो गए। दोनों बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले इलाकों सिविल लाइन, साकेत, पांडव नगर, प्रभातनगर, पुलिस लाइन समेत तमाम सरकारी ऑफिस की बिजली गुल हो गई। लोग बिजली आने की जानकारी के लिए बिजलीघर से लेकर अधिकारियों को फोन करते रहे लेकिन फोन नहीं उठ सके। सोमवार को भी बारिश के चलते फाल्ट ठीक नहीं हो सके। कुछ देर बारिश बंद होने पर कर्मचारियों ने तेजी से फाल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति चालू की, लेकिन थोड़ी देर बाद ही मुख्य अभियंता ऑफिस के सामने पेड़ टूटकर लाइन पर गिर गया। इससे दोनों बिजलीघर क्षेत्रों की बत्ती फिर से गुल हो गई। पेड़ हटाने और लाइन जोड़ने में घंटो लग गए। 22 घंटे बाद रात करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सकी।
दर्जन भर बिजलीघरों में गुल हुई बिजली
बारिश के चलते शहर से लेकर गांव तक बिजली गुल हुई। शहर के बिजलीघर लेडीज पार्क, लिसाड़ी रोड, लिसाड़ी गेट, रामलीली ग्राउंड, नौचंदी, मेडिकल, पुराना आरटीओ, टाउन हाल, एमईएस, कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम के अलावा अमन विहार, अम्हैड़ा और गंगानगर आदि में भी बिजली प्रभावित रही। इसके अलावा गांवों की बिजली भी प्रभावित हुई। अधीक्षण अभियंता शहर संजीव राणा ने बताया कि 33 केवी लाइन के इंसुलेटर फुंकने से सिविल लाइन और सेंट लुक्स बिजलीघर की बिजली ठप हुई थी।