आग का गोला बनी कार, बाल-बाल बचे बच्चे
मेरठ। लिसाड़ी गेट की आशियाना कालोनी में बुधवार दोपहर कार में गैस सिलिंडर लगाते समय आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। गनीमत रही कि गैस सिलिंडर फटा नहीं। कार के पास खेल रहे आधा दर्जन बच्चे बाल-बाल बचे।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने बताया कि शास्त्रीनगर सेक्टर-11 निवासी राजेश सेल्समैन है। वह ईको कार से किराना और परचून की दुकान पर सामान सप्लाई करने आशियाना कालोनी में गया था। कार में में गैस किट लगी थी। इस बीच रास्ते में सिलिंडर की गैस खत्म हो गई। जिसके बाद राजेश ने कार एक चौराहे के पास खड़ी कर दी। राजेश की सूचना पर उसके साथी सलीम और जिशान गैस सिलिंडर लेकर पहुंचे। कार में सिलिंडर लगाने के दौरान गैस रिसाव होने के कारण आग भड़क गई।
इस दौरान कार के पास ही जुबेर, कासिम, जुनैद, चांद आदि बच्चे खेल रहे थे। जो आग की चपेट में आने से बचे। इस दौरान वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दूर से मिट्टी डाली। लेकिन कार पूरी जलने के बाद ही आग बुझी। आसपास के लोगों ने जिशान और सलीम को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। आरोप लगाया कि यदि कोई हादसा हो जाता तो कौन जिम्मेदार होता। सीओ के अनुसार जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खास बातें:
कार में लगी थी गैस किट, सिलिंडर लगाते ही आग लगी
भीड़ ने दो युवकों की पीटकर पुलिस को सौंपा