वकीलों ने रजिस्ट्री ऑफिस बंद कराया, धरना दिया
मेरठ। पउप्र में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर मंगलवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रही। इस दौरान अधिवक्ताओं ने कचहरी और कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर रजिस्ट्री आफिस बंद कराए।
मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रबोध शर्मा, अधिवक्ता रामकुमार शर्मा, संजय शर्मा, विनोद काजीपुर, योगेश शर्मा, देवकरण शर्मा, अतुल कुमार, निशा रानी, अमित गुर्जर, तहजीब तरूनम, विनय कुमार आदि ने कचहरी में अधिवक्ताओं को न्यायिक कार्य नहीं करने दिया। वहीं, एमडीए परिसर पहुंचकर भी रजिस्ट्री ऑफिस को बंद कराया। वहीं, बेंच की मांग को लेकर कचहरी परिसर में पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह धामा, केके पाहवा, वीके शर्मा, अशोक गुप्ता, राजेंद्र जानी, मुकेश कुमार सिंह, अब्दुल जब्बार खान, पीतांबर त्यागी, रविंद्र सिंह, बृजपाल, उर्वशी चौधरी, सतीश कुमार आदि वकील क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान अजय स्वामी, नेपाल सिंह सोम, अजय शर्मा, राजपाल सिंह रजपुरा, बृजवीर सिंह, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी प्रभात राय ने सभा को संबोधित किया।
विधायक ने दिया समर्थन
केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन रोहिताश्व कुमार अग्रवाल ने बताया कि बुलंदशहर-सिकंदराबाद से भाजपा विधायक विमला सोलंकी ने बेंच की मांग को समर्थन देने की घोषणा की है। 26 फरवरी को संघर्ष समिति की प्रेस वार्ता में शामिल होने का आश्वासन दिया है।