कोहरा जानलेवा साबित होने लगा है। आए दिन सड़क दुर्घटना में किसी न किसी की जानें जा रही हैं। शनिवार देर रात घने कोहरे के चलते संधावली बाईपास हाईवे पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने युवकों की मौत से घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी ट्रक चालक के बारे में पता लगाकर दबिशें डाली जाएगी।
शनिवार की देर रात बाइक सवार दो युवक मेरठ से हरिद्वार जा रहे थे। मंसूरपुर क्षेत्र में संधावली बाईपास हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर डायल-100 पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया। इस बीच उसकी भी मौत हो गई। मंसूरपुर पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद निवासी दीपक और नितेश के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि मृतकों के परिजनों को घटना के संबंध में अवगत करा दिया गया है। पुलिस ने कहा कि ट्रक चालक की तलाश की जाएगी। दो युवकों की मौत की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने कहा कि लोगों को सतर्कता के तौर पर वाहनों की धीमी गति से चलाना चाहिए।