अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। दशहरे पर एलईडी की रोशनी से शहर जगमग हो गया। शनिवार को दिनभर शहर के मुख्य मार्गों पर एलईडी ठीक की गई। शाम को महापौर ने नगर निगम पथ प्रकाश और ईईएसएल के अधिकारियों के साथ मुख्य मार्गों पर एलईडी का निरीक्षण किया।
शहर में सोडियम लाइटों के स्थान पर एलईडी लगाने का ठेका ईईएसएल को दिया गया है। कंपनी ने अंबुजा सहित दो कंपनियों को कार्य सौंपा है। शहर में अब तक लगभग 32 हजार एलईडी लग चुकी हैं। दिल्ली रोड, हापुड़ रोड, बिजली बंबा बाईपास, बागपत रोड, रुड़की रोड, मवाना रोड, गढ़ रोड, कंकरखेड़ा रोड, रोहटा रोड आदि पर एलईडी काम पूरा हो चुका है। दिल्ली रोड स्थित अतुल माहेश्वरी सेतु पर 110 वाट की एलईडी लगाई गई। इसके अलावा शहर के काफी वार्डों में भी एलईडी जला दी गईं। महापौर हरिकांत अहलुवालिया ने नगर निगम पथ प्रकाश प्रभारी राजेश चौहान, ईईएसएल के ईशान आदि को साथ लेकर शहर के सभी मार्गों का निरीक्षण किया। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि सभी मार्गों पर लाइटें जलनी चाहिए, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।