मेरठ। पीवीएस रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने आरोपी चालक को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर एल ब्लॉक निवासी अशोक कुमार छठी वाहिनी पीएसी में सिपाही पद पर तैनात है। अशोक की पत्नी रजनी (36) दोपहर को एक्टिवा से सामान लेने घर से निकली थी। जब वह पीवीएस रोड से तेजगढ़ी की तरफ जा रही थी। तो एक बैंक के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा में टक्कर मार दी। महिला सड़क पर गिरी और ट्रक का पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। सूचना पर मेडिकल थाने के एसएसआई सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और रजनी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसआई के अनुसार तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक राजकुमार पुत्र मंगाराम निवासी पंजाब को गिरफ्तार कर लिया गया है।
परिवार में मचा कोहराम:
रजनी की मौत के बाद परिवार के लोगों का मोर्चरी पर रो रोकर बुरा हाल था। शास्त्रीनगर की अन्य महिलाएं भी पता चलने पर वहां पहुंच गई थीं। परिवार के लोगों ने बिलखते हुए कहा कि सोचा भी नहीं था कि ऐसा भी हो जाएगा।
पहले भी हो चुके हादसे:
शास्त्रीनगर पीवीएस रोड पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। डेढ़ माह पहले दादा-पोती की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई थी। चार माह पहले भी कुटी चौराहे के पास एक्टिवा सवार महिला की मौत हो गई। पीवीएस रोड पर दिन में में भारी वाहन नो एंट्री में दौड़ते हैं। जिस कारण हादसे होते हैं।