मेरठ। मंडलायुक्त के निर्देश पर सोमवार सुबह नगर निगम की टीम ने आबू नाला पटरी पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमण हटवाते हुए कई अवैध निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिए गए। कब्जेधारियों ने विरोध भी जताया। लेकिन पुलिस के आगे उनकी एक नहीं चली।
शहर में हरित पट्टी और नालों की पटरियों पर अतिक्रमण और अवैध कब्जों को लेकर मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने रविवार को कड़ी नाराजगी जतायी थी। मंडलायुक्त ने विक्टोरिया पार्क से लेकर राजराजेश्वरी मंडप और वहां से जनता नगर तक निरीक्षण किया था। कई जगह नाले की पटरियों पर जहां अतिक्रमण पाया गया तो मंडलायुक्त ने अवैध रूप से चल रहीं पटाखा फैक्ट्रियों का भी भंडाफोड़ किया था। मंडलायुक्त के एक्शन में आने और सख्त रुख के बाद नगर निगम की भी नींद टूट गई।
इसका नतीजा यह हुआ कि सोमवार सुबह ही नगर निगम के संपत्ति अधिकारी राजेश कुमार, लेखपाल कुंवरपाल, राजकुमार आदि जेसीबी के साथ विक्टोरिया पार्क के पास आबू नाले की पुलिया पर पहुंच गए। टीम ने नाला पटरी से सैटरिंग का सामान, अवैध होर्डिंग, शौचालय, पशु डेरी सहित कई पक्के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। अभियान के दौरान पुलिया से लेकर राज राजेश्वरी मंडप के पास तक नाला पटरी को अतिक्रमण मुक्त किया गया। संपत्ति अधिकारी के अनुसार अब नाला पटरी पर पौधरोपण किया जाएगा। अगर भविष्य में कोई व्यक्ति नाला पटरी पर अतिक्रमण करता है तो जुर्माना और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।