मेडिकल में सारी दवाओं और ऑक्सीजन का ब्योरा होगा ऑनलाइन
- डिजिटल डिस्पले बोर्ड पर दिखेगा दवाओं का स्टॉक
- गोरखपुर में अस्पताल में बच्चों की मौत के बाद कवायद
- मरीजों को होगी सुविधा, हर माह आते हैं 80 हजार से ज्यादा मरीज
अरीश रिज़वी
मेरठ। मेडिकल अस्पताल में जल्द ही ऑक्सीजन और सारी दवाओं का ब्योरा ऑनलाइन हो जाएगा। इसके अलावा डिजिटल डिस्पले बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिन पर उपलब्ध
दवाएं और ऑक्सीजन का ब्योरा होगा। इससे जहां मरीज और उनकेतीमारदार मेडिकल अस्पताल के हालात से अपडेट होंगे, वहीं अक्सर दवाओं की किल्लत की वजह से हो रहे हंगामे भी नहीं होंगे।
गोरखपुर के सरकारी अस्पताल में बच्चों की मौतों के बाद से सारे सरकारी अस्पतालों में सिस्टम को दुरुस्त करने की कवायद चल रही है। साफ-सफाई से लेकर वार्डों और इमरजेंसी तक में बेहतर व्यवस्था की जा रही है। इसी कड़ी में मेडिकल अस्पताल प्रबंधन ऐसी व्यवस्था की तैयारी कर रहा है कि जिससे मेडिकल अस्पताल में दवाओं का स्टॉक कितना है, कितने स्ट्रेचर, ऑक्सीजन और खाली बेड हैं। ओपीडी कितनी रही है। यह सारा ब्योरा सॉफ्टवेयर में फीड कर दिया जाएगा और फिर लोगों को इसे ऑनलाइन देखने की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में आधा दर्जन से ज्यादा बड़े डिजिटल डिस्पले बोर्ड लगाए जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज में हर माह 80 हजार से ज्यादा मरीज आते हैं। यहां छह माह से एक्सरे फिल्म और दवाएं आदि खत्म हैं। सैकड़ो मरीज हर हफ्ते आते हैं और बिना एक्सरे के वापस लौट जाते हैं। इसे लेकर हंगामा भी होता रहता है। दरअसल, मरीजों को पता नहीं होता कि अस्पताल में क्या-क्या सुविधाएं नहीं हैं। अभी एक्सरे फिल्म नहीं होने के लिए पर्चे चिपकाए हुए हैं।
---
शासन को भी करा दिया अवगत
मेडिकल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि ऑनलाइन और डिस्पले पर दवाओं और ऑक्सीजन आदि का पूरा ब्योरा अपडेट करने की कवायद शुरू कर दी गई है। शासन को भी इससे अवगत करा दिया गया है।
---
मिलेंगे दो कंप्यूटर सिस्टम, दो डाटा एंट्री ऑपरेटर
दवा खरीद और नियंत्रण केलिए दो कंप्यूटर ऑपटेर और दो डाटा एंट्री ऑपरेटर मेडिकल अस्पताल को मिलेंगे। इसकेलिए ड्रग प्रोक्योरमेंट व इन्वेंटरी सिस्टम बनाने के लिए आदेश भी आ गए हैं।