फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

याकूब

विज्ञापन
विज्ञापन
- एसपी देहात, सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ दौराला, सीओ एलआईयू ने उड़ाई दावत
विज्ञापन

- जुलूस भी मन मुताबिक व दबिश की भी फौरी तौर पर कार्रवाई करने की बात हुई
मेरठ।
बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के परिवार की गुंडागर्दी की गूंज लखनऊ तक पहुंच चुकी है। बेटी आसमां ने स्कूल में हंटर चलाया और बेटे फिरोज ने भरे बाजार में व्यापारी को पीटा। शासन नाराज हुआ तो मामला और गर्मा गया। पुलिस ने नामजद फिरोज की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी। जिससे नाराज याकूब और उसके समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जुलूस का प्लान बनाया। जुलूस से पहले पुलिस व याकूब के बीच सेटिंग का खेल हुआ। याकूब के घर पर पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने काजू, पिस्ता और मिठाई खाकर जुलूस निकलवाया। अमर उजाला के हाथ जलूस से ठीक पहले पुलिस और याकूब की सेटिंग का वीडियो हाथ लगा है, जिसमें दोनों अपनी अपनी इज्जत बचाने की बात कर रहे हैं। आखिर में जलूस की सेटिंग हुई और तय रास्तों से जलूस निकला और वही सब नाटक हुआ जो तय हुआ। हालांकि अफसरों ने कोतवाली इलाके को आरएएफ, पीएसी और बाहरी जनपदों से फोर्स बुलाकर छावनी बनाए रखा।

ऐसी बनी जुलूस की प्लानिंग
याकूब कुरैशी और उलेमाओं ने सोमवार जुलूस का ऐलान किया था। मंगलवार सुबह याकूब के घर पर उसके सैकड़ों समर्थकों की भीड़ जमा हो गयी। जुलूस से शहर में बवाल न हो जाये। इसको लेकर सुबह ही एसपी देहात राजेश कुमार, सीओ दौराला विजय प्रकाश, सीओ कोतवाली, सीओ एलआईयू और प्रशासनिक अधिकारी याकूब के घर पहुंच गये। अफसरों ने जलूस को मना किया पर याकूब कुरैशी ने काजू, पिस्ता, मिठाई पेश करके अफसरों को मना लिया। अफसरों ने भी अपनी इज्जत बचाने के लिए खुशी खुशी याकूब की हां में हां मिला दी और सेटिंग के जलूस की प्लानिंग बन गई।
विज्ञापन



ये है वीडियो में
वीडियो में पहले अफसर याकूब को जलूस निकालने से मना कर रहे है तो याकूब बोले कि बाहर जो दो हजार लोगों की भीड़ लगी है, उनको क्या जवाब दूंगा। मेरी प्रतिष्ठा का सवाल है। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी अपनी इज्जत की दुहाई देते नजर आ रहे हैं। बात होते होते सोहराबगेट तक जलूस निकालने की बात बनी और अफसरों ने तय किया कि जलूस को कहां और कैसे रोकना है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने याकूब के काजू और पिस्ता खाकर कहा कि मंत्री जी टेंशन लेने की जरूरत नहीं। तुम बगैर हल्ला मचाए हमारा (पुलिस) जुलूस निकालो और हम आपको फौरीतौर पर रोकेंगे। फिरोज को कोर्ट में पेश कर दो, अन्यथा मीडिया पीछे पड़ी रहेगी। सब कुछ ऐसे हुआ, जैसे याकूब चाहते थे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते जुलूस निकाला। पुलिस ने भी लोगों और मीडिया को दिखाने के लिए भारी फोर्स की व्यवस्था की।

ऐसे चला याकूब का जुलूस
सुबह 9:30 बजे याकूब का जुलूस शाहपीरगेट की तरफ चला। करीब 30 मिनट तक याकूब के समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा सरकार को मुस्लिम विरोधी बताकर पुलिस की कार्रवाई पर नारेबाजी करते हंगामा किया। पुलिस उनको एक बार भी नहीं रोक सकी। सोहराब गेट तक जुलूस आया और सिटी मजिस्ट्रेट को एडीजी मेरठ जोन, डीएम, एसएसपी के नाम ज्ञापन देकर चला गया।

कौन देगा शासन को गोपनीय रिपोर्ट
याकूब के घर काजू, पिस्ता और मिठाई की दावत में सीओ एलआईयू विनोद कुमार शर्मा भी हैं। सवाल उठता है कि शासन को गोपनीय जानकारी कैसे मिल पाएगी। एलआईयू के सीओ मेरठ पुलिस की कार्यशैली की रिपोर्ट कैसे भेजेंगे।

शहर की फिजा मत बिगाड़ों
याकूब ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि शहर की फिजा खराब मत कराओ। पहले स्कूल में बेटी आसमां के जाने पर जबरन मुकदमा दर्ज कराया और अब बेटे फिरोज को फंसाया जा रहा है। समझौता हो जाने पर भी पुलिस मामले को तूल दे रही। मुस्लिम समुदाय भड़क गया तो थमेगा नहीं। जिस पर अधिकारी बोले कि फौरी कार्रवाई हो रही है। मेरे बेटे इमरान कुरैशी को पुलिस ने जबरन कार में बैठाया। जिस पर पुलिस ने खुद की गलती मानी।

पुलिस के सारे दावे ध्वस्त
याकूब के बेटे फिरोज की गिरफ्तारी में पुलिस के सारे दावे ध्वस्त हो गए। शासन और पुलिस अधिकारी दावे कर रहे कि फिरोज गिरफ्तार होगा। लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं। पुलिस महज उसकी गिरफ्तारी के लिए ड्रामा कर रही हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी याकूब के घर पर जाकर नमस्तक हो जाते तो उसके बेटे को गिरफ्तार कैसे कर पायेंगे। मंगलवार याकूब के घर पर अफसरों का नजरिया बदला देखकर कार्रवाई सवाल के घेरे में है।

फिरोज ने डाली सरेंडर अर्जी
आरोपी फिरोज की तरफ से मंगलवार न्यायालय एसीजेएम प्रथम में सरेंडर अर्जी दाखिल की गई। न्यायालय ने कोतवाली पुलिस से रिपोर्ट तलब करते हुए आगामी 10 अगस्त की तारीख नियत की। पुलिस भी उसके सरेंडर की इंतजार में बैठी हैं।

सिस्टम को बनाया मजाक
पुलिस ने सारे सिस्टम का मजाक बनाया हैं। मंगलवार को पुलिस ने याकूब के घर और मीट प्लांट पर दबिश तक नहीं दी। पुलिस के अधिकारी आधी रात को कोतवाली थाने में प्लानिंग बना रहे थे कि आखिर कैसे याकूब के बेटे को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस याकूब के सामने जाते झुक जाते है तो कैसे कार्रवाई होगी। शासन को भी भ्रमित किया जा रहा है।

यह कहते अधिकारी
पुलिस फिरोज को गिरफ्तार करेगी
एसएसपी मंजिल सैनी दहल का कहना है कि पुलिस का समझौते से कोई लेनादेना नहीं है। फिरोज व उसके दोनों गनरों की गिरफ्तारी तक दबिश जारी है। लेकिन पुलिस परिवार के लोग को परेशान नहीं करेगी। कानून व्यवस्था खराब करने का प्रयास किया तो पुलिस उनसे निपटेगी। वहीं, याकूब कुरैशी और उनके परिवार पर दर्ज एक दर्जन से अधिक मुकदमों की भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ी तो उनमें भी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

कोट
भरे बाजार में याकूब का परिवार गुंडागर्दी करेगा और पुलिस देखती रहेगी, ऐसा नहीं होगा। नामजद फिरोज को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा। किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया जाएगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। -प्रशांत कुमार, एडीजी मेरठ जोन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें