अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की तरफ लौट रहे कांवड़ियों की सेवा में शहर और बाईपास पर जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं। इनमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए गए हैं। क्रांतिकारी धारा बम बम भोले के उद्घोष से गूंज रही है। रविवार दोपहर गर्मी अधिक होने के कारण कांवड़ियों की संख्या सड़कों पर कम दिखाई दी, लेकिन शाम होते ही शहर और बाईपास पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ आया।
शिविरों में शिवभक्तों के लिए व्यंजन
बाईपास पर खिर्वा चौपले के निकट कंकरखेड़ा व्यापार संघ की तरफ से लगाए कांवड़ शिविर में कांवड़ियों के लिए नाश्ते में पकोड़ी, ब्रेड, जलेबी, चाय की व्यवस्था है। वहीं दोपहर से दाल, चावल, तंदुरी रोटी, पूड़ी, मटर पनीर, आलू की सब्जी, राजमा का भोजन दिया जा रहा है। शाम को पांच बजे से दूध, पिज्जा, समोसे, टिक्की, और जूस बांटा जा रहा है। साथ ही रात्रि में भी भोजन दिया जा रहा है। शिविर में अंकुर गुप्ता, नीरज मित्तल, हेतराम शाक्य, पं. संजय त्रिपाठी, ठा. ओपी सिंह, गौरव गोयल, राजेश खन्ना, पंकज चौधरी, गणेश अग्रवाल आदि सेवा में जुटे हुए हैं। दिल्ली रोड पर अमर उजाला के सामने लगाए गए कांवड़ सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए ताहरी, पकोड़ी, पूड़ी, सब्जी, चावल, चाय और दूध आदि की व्यवस्था की गई। शिविर में मधुसूदन कौशिक, संजीव भारद्वाज, विनित गुप्ता, अनिरुद्ध शर्मा, सुनील दत्त शर्मा, राजेन्द्र, राजवीर सिंह आदि सेवा में जुटे हैं।
इनके अलावा भोला रोड चौराहे पर लगाए गए कांवड़ शिविर में दाल-चावल, पूड़ी,सब्जी, हलवा, चाय, पकोड़ी आदि से कांवड़ियों की सेवा की जा रही है। गुलशन, महेश सैनी ने बताया कि शिविर पिछले आठ साल से लगाया जा रहा है।
खास बातें
- खीर, पूड़ी, मटर पनीर, चावल, कच्ची रोटी तक की है व्यवस्था
- फलों से कराया जा रहा है शिव भक्तों को नाश्ता