राेहटा। ब्लॉक के जटपुरा गांव में प्राथमिक विद्यालय में कंप्यूटर, सिलाई, कढ़ाई व डांस आदि के कोर्स का डिप्लोमा देने के बहाने दंपती लाखों रुपये की ठगी कर फरार हो गए। कई महिलाओं से भी ट्रेनर भर्ती करने के नाम पर ठगी की। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से लेकर जिलाधिकारी तक से लिखित शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ब्लॉक के जटपुरा गांव में एके शर्मा व महिला दीपा ने खुद को ग्रामीणों के सामने पति-पत्नी बताया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के तहत उनके पास एक योजना है। जिसमें समाज के शिक्षित बच्चों के लिए कंप्यूटर, सिलाई, पार्लर व डांस आदि के कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकारी कर्मचारी बताते हुए कंप्यूटर कोर्स के लिए पांच हजार, सिलाई के लिए तीन हजार, पार्लर के लिए दो हजार व डांस के डिप्लोमा के लिए एक हजार रुपये बताए। इस प्रकार लगभग 200 छात्रों से डॉक्यूमेंट आदि लेकर नकदी वसूल ली। साथ ही गांव की ही लगभग 10 महिलाओं को ट्रेनरों भर्ती करने के नाम पर डेढ़ हजार रुपये वसूल लिए।
11 जुलाई को ग्रामीणों ने ब्लॉक पर जाकर इस संबंध में पता किया। बताया गया कि इस तरह की कोई योजना सरकार की ओर से नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस मौके पर बुलाई। थाना प्रभारी देवेंद्र ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।