सहारनपुर। सब्जियों के प्रगतिशील किसानों के लिए खुशखबरी है। नवनिर्मित फल एवं सब्जी उत्कृष्टता केंद्र में पहली बार विभिन्न सब्जियों की उच्च गुणवत्तायुक्त 20 हजार पौध तैयार हैं। इसके लिए किसान को मात्र दो रुपये प्रति पौध चुकाने होंगे।
कंपनी बाग में फल एवं सब्जी उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर फ्रूट एंड वेजिटेबल) बनकर तैयार हो चुका है। इसमें पॉलीहाउस, शेडनेट, हाईटेक नर्सरी, नेट हाउस, महिला छात्रावास, बिक्री केंद्र आदि बनाए गए हैं। केंद्र में किसानों के लिए सब्जियों की 20 हजार अगेती पौध तैयार की गई है, जिससे किसान बाजार में अगेती सब्जियों को बेचकर बढ़िया मुनाफा हासिल कर सकें। इस नवनिर्मित केंद्र में कई सब्जियाें की पौध तैयार हो गईं हैं, जिसे किसानों को दो रुपये प्रति पौध के लिए से बेचा जाएगा। फिलहाल इसमें लौकी, करेला, टमाटर मिर्च आदि की पौध तैयार हो चुकी है।
- कोकोपिट में तैयार की गई सब्जियों की पौध
फलों और सब्जियों की पौध को कीट एवं रोग रहित रखने के लिए कोकोपिट का प्रयोग किया गया है। पौध को मिट्टी की बजाए कोकोपिट, वर्मी कुलाइट एवं परलाइट के मिश्रण में तैयार किया गया है। भविष्य में इस केंद्र पर फलों में आम, लीची, आड़ू, अमरूद, पपीता और सब्जियों में शिमला मिर्च, हरी मिर्च, खीरा, बैंगन, टमाटर, करेला, पत्ता एवं फूल गोभी आदि सब्जियों की पौध तैयार कर किसानों को दी जाएगी।
वर्जन
नवनिर्मित फल एवं सब्जी उत्कृष्टता केंद्र में विभिन्न सब्जियों की 20 हजार पौध तैयार हैं। इस केंद्र से पहली बार किसानों को सब्जियों की पौध किसानों को दी जाएगी। सब्जियों का बीज देकर किसान एक रुपये प्रति पौध तैयार करा सकते हैं, केंद्र से खरीदने पर दो रुपये प्रति पौध चुकाने होंगे। - पूजा, संयुक्त निदेशक औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र।