मेरठ। सदर मंडी के बाद अब दिल्ली रोड स्थित नवीन मंडी में भी कोरोना का खतरा बढ़ गया है। कोरोना पॉजिटिव आए साबुन गोदाम में रहने वाले भाजपा नेता के पिता भी तीन दिन पहले नवीन मंडी से सब्जी लेकर गए थे। वहीं रजबन कि संक्रमित महिला का पति रोजाना नवीन मंडी से सब्जी लेकर जाता था।
मंगलवार को सदर क्षेत्र के बाजार और सब्जी मंडी बंद रही। हालांकि देर रात तक नवीन मंडी को लेकर पुलिस प्रशासन ने कोई फैसला नहीं लिया। रजबन में संक्रमित मिली गर्भवती महिला का पति सदर सब्जी मंडी में दुकान लगाता है।
वह रोज नवीन मंडी से सब्जी लेकर सदर मंडी जाता था। पुलिस की जांच में सामने आया कि मंगलवार को पॉजिटिव आए भाजपा नेता के पिता तीन दिन पहले दिल्ली रोड स्थित नवीन मंडी से सब्जी लेकर गए थे।
एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव के नवीन मंडी से कनेक्शन को देखते हुए सतर्कता बढ़ाई जाएगी। बुधवार से मंडी में सुबह चार बजे से पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी है। सोशल डिस्टेंस के साथ-साथ लॉक डाउन पर भी पूरी तरह से अमल कराया जाएगा।