मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध मेरठ और सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में मंगलवार शाम तक रेग्युलर, प्राइवेट के दो लाख 25 हजार फार्म भरे जा चुके हैं। बैक और भूतपूर्व छात्र में 20 हजार के करीब फार्म जा चुके हैं।
बीए, बीएससी, बीकॉम एवं एमए-एमकॉम के रेग्युलर और प्राइवेट परीक्षा फॉर्म ऑनलाइन वेबसाइट पर चार जनवरी से भरे जा रहे हैं। 31 जनवरी तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ फीस जमा की जा सकती है। कॉलेज में फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि 3 फरवरी और कॉलेजों द्वारा विवि कैंपस में फॉर्म जमा कराने की अंतिम तिथि पांच फरवरी है। प्राइवेट में छात्र-छात्राओं को तीन कॉलेजों का विकल्प देना होगा। विवि उनको कॉलेज का अलॉटमेंट 31 के बाद करेगा। इन विषयों में परीक्षा फार्म के शुल्क की बात करें तो रेग्युलर में बीए-बीएससी-बीकॉम में 780, एवं प्रति प्रैक्टिकल विषय 170 रुपये फीस है। प्राइवेट में बीए-बीकॉम में रजिस्ट्रेशन फीस 160 एवं परीक्षा फीस 1930 रुपये है। प्राइवेट में एमए-एमकॉम में रजिस्ट्रेशन फीस 160 एवं परीक्षा फीस 2460 एवं परमिशन फीस 160 रुपये है। वाइवा विषय के 170 रुपये अलग हैं।
छात्राओं के रजिस्ट्रार ऑफिस में जमा हुए फार्म
परीक्षा फामों में गड़बड़ी को विवि में बनाए गए केंद्र पर मंगलवार को छात्राओं के फार्म रजिस्ट्रार ऑफिस में जमा कराए गए। इसके अलावा कक्ष नंबर 309 के बाहर आज भी छात्रों की भारी भीड़ रही। कंपनी के प्रतिनिधियों से छात्रों की समस्याओं को तेजी से निपटारा करने को कहा गया है।