- खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई क्षेत्रों में चलाया चेकिंग अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नवरात्र से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को मिलावट के शक में 198 किलो कुट्टू का आटा सीज किया। इसके साथ ही कुट्टू के आटे, कुट्टू की गिरी और साबूदाने के 12 नमूने लिए। इन्हें जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त दीपक सिंह ने बताया कि नवरात्रि पर्व के मद्देनजर विभाग की टीम ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा की देखरेख में पांच टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। नेहरू नगर, ब्रह्मपुरी, नवीन मंडी, मलियाना पुल, कंकरखेड़ा, मवाना और तोपखाना से कुट्टू का आटा, कुट्टू की गिरी और साबुदाना के नमूने लिए किए। ब्रह्मपुरी से 198 किलो कुट्टू का आटा सीज किया गया। इसकी कीमत करीब 19,800 रुपये है।
सहायक आयुक्त ने कहा कि व्रत के दौरान कुट्टू के आटे का सेवन सीमित मात्रा में ही प्रयोग करें। उसके साथ सिंघाड़ा आटा, मखाना और मूंगफली आदि मिलाकर पकवान बनाएं, जिससे स्वास्थ्य को नुकसान न पहुंचे। साथ ही उपभोक्ता खरीददारी के समय यह अवश्य देखें कि आटे की निर्माण तिथि पुरानी न हो। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेश पाल, जगवीर सिंह, तन्मय अग्रहरि, गुंजन शर्मा, दीपशिखा, सत्येंद्र तोमर मोहित कुमार, निशिकांत सिंह सहित अन्य शामिल रहे।