चारा डालने को कहने पर नौकर ने महिला को मार डाला
मेरठ। भावनपुर के शाहकुलीपुर गांव में सोमवार रात चारा डालने को कहने पर नौकर ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला। चीख पुकार सुनकर महिला की भाभी दौड़कर आई तो आरोपी नौकर ने उस पर भी हमला कर दिया। लोगों ने घेराबंदी पर आरोपी को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भावनपुर थाना गांव शाहकुलीपुर निवासी अमरीश सिंह की बहन सरोज (60) कई वर्षों से अपने भाई के पास ही रहती थी। अमरीश ने बताया है कि करीब तीन साल से सोनभद्र के थाना बारवन गांव निवारी का निवासी राजू उनके घर में नौकरी करता था। सोमवार की रात सरोज ने राजू से पशुओं को चारा डालने के लिए कहा। जिस पर राजू ने इंकार कर दिया। इस मामूली बात पर राजू ने आपा खो दिया और सरोज के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर डाले।
सरोज की चीख-पुकार सुनकर उसकी भाभी मुनेश बचाने के लिए आई तो राजू ने मुनेश के सिर पर भी डंडों से प्रहार कर दिया। शोर सुनकर वहां जमा हुए ग्रामीणों ने आरोपी नौकर राजू को दबोच कर उसकी जमकर पिटाई की। दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में भाग्यश्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। जहां मंगलवार सुबह सरोज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मुनेश की हालत भी गंभीर बनी है। सरोज के भतीजे विजय कुमार की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपी नौकर राजू को गिरफ्तार कर लिया है। सरोज के परिजनों ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व राजू को एक ठेकेदार छोड़कर गया था। परिजनों ने कभी सोचा भी नहीं था कि जिस नौकर को वह घरेलू कामकाज की सहायता के लिए काम दे रहे हैं, एक दिन वही घर के लिए काल बन जाएगा। सरोज अपने ससुराल वालों को छोड़कर काफी समय से भाई के घर शाहकुलीपुर गांव में रह रही थी।
घर में मचा कोहराम
सरोज की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव के लोगों ने बताया है कि रात को जिस समय राजू घटना को अंजाम दे रहा था। वहीं घर में मौजूद बच्चे डर के मारे एक कमरे में जाकर छिप गए थे। जिस पर गुस्साए राजू ने कमरे का दरवाजे पर भी कई बार डंडे से वार किए। एसओ भावनपुर विनय कुमार मलिक ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।