100 मीटर से आधा किमी पहुंची बैरिकेडिंग
नामांकन को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को बैरिकेडिंग की दूरी बढ़ाई
बच्चों से लेकर महिलाओं और साइकिल सवार को भी मिली फटकार
शुक्रवार से पहले सिर्फ कलेक्ट्रेट से 100 मीटर तक प्रतिबंधित थे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
लोकसभा चुनाव के नामांकन को लेकर पुलिस ने सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार को बैरिकेडिंग को आधा किलोमीटर तक बढ़ा दिया। इससे दिनभर लोग परेशान रहे। बैरियर पर आरएएफ और पीएसी लगा दी गई। ड्यूटी के नाम पर इंस्पेक्टर और दरोगाओं ने महिलाओं तक से अभद्रता की। इस दौरान साइकिल सवार वृद्ध और बच्चों को भी नहीं आने दिया।
18 मार्च को शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के दौरान डीएम और एसएसपी ने कलेक्ट्रेट के 100 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन के न आने के निर्देश दिए थे। इस पर पुलिस ने आंबेडकर चौक पर बैरियर लगाकर बैरिकेडिंग कर दी। यहां वनवे व्यवस्था लागू की। एलेक्जेंडर क्लब के सामने बैरियर लगाकर वाहनों को रोका। लेकिन शुक्रवार सुबह पुलिस ने पूरा प्लान बदल दिया। आंबेडकर चौक और एलेक्जेंडर क्लब के पास पूरी तरह से बैरियर लगा कर फोर्स तनात कर दी। पैदल आने वाले लोगों को भी रोक दिया। पहली बार सर्किट हाउस स्थित पुलिस लाइन के गेट के सामने भी बैरियर लगाकर फोर्स तैनात कर दी। स्टेडियम चौराहा स्थित एसपी सिटी आवास के सामने भी बैरियर लगाकर वाहनों को रोका गया। मेघदूत चौराहे के पास भी एक तरफ ही वाहनों को आने दिया गया। एक उम्मीदवार के साथ चार अन्य व्यक्तियों को ही कलेक्ट्रेट तक जाने की अनुमति थी।
सुबह से शाम तक लगा जाम
शाम चार बजे एसपी सिटी के निर्देश पर बैरियर हटाए गए। इस दौरान सुबह से शाम तक पुलिस लाइन के सामने, आईजी ऑफिस रोड, स्टेडियम चौराहा, कमिश्नरी कार्यालय स्थित चौराहे पर जाम लगा रहा। वहीं एक पार्टी के प्रत्याशी के समर्थकों ने सड़क पर ही वाहनों को रोक कर नारेबाजी की। इससे जाम लगा रहा।
यह बोले पुलिस अफसर
बैरिकेडिंग को लेकर एसपी सिटी के निर्देश थे। ट्रैफिक पुलिस की सिर्फ ड्यूटी लगाई गई थी। उम्मीदवार के जुलूसों को लेकर फोर्स लगाई थी। -संजीव बाजपेई, एसपी ट्रैफिक
वर्जन============
व्यवस्था बनाने को लेकर बैरिकेडिंग 100 मीटर की जगह आधा किमी तक करनी पड़ी। ऐसे में समर्थकों को रोकना पुलिस के लिए चुनौती होता है। शाम को बैरियर हटा लिए गए थे। -अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी