अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। नगर स्थित एक मंडप में मंगलवार देर रात व्यापार मंडल के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति होली मिलन समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के व्यापारियों व गण्यमान्य लोगों ने हिस्सा लेकर आपसी सौहार्द के साथ होली का पर्व मनाने की अपील की। इस दौरान व्यापारियों ने हास्य कविता, गीत आदि प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र रस्तोगी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक पहुंचे। कार्यक्रम में सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन विनोद भाटी ने कहा कि होली गिले श्किवे मिटाकर भाईचारे का संदेश देने का त्योहार है। राजनीति ने इस भाईचारे को हिंदू-मुस्लिम में बांट दिया है। उन्होंने कहा कि जब बीमार व्यक्ति को खून की जरूरत होती है तो वह बिना सवाल किए खून लेकर आता है। उस दौरान क्यों यह सवाल नहीं किया जाता कि यह हिंदू का खून है या मुस्लिम का। जिस तरह व्यक्ति जाति या धर्म का सवाल किए बिना खून लेकर आता है उसी तरह हमें आपस में मिलकर रहना चाहिए। परीक्षितगढ़ निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पदम सेन मित्तल ने कहा कि होली का पर्व आते ही पहले दोनों समुदाय के लोग एक-दूसरे को कई दिन पहले ही बधाई देनी शुरू कर देते थे। यही नहीं दोनों समुदाय के लोग भाईचारे के साथ इस पर्व को मनाते थे। आज धर्मवाद व जातिवाद की राजनीति त्योहारों के बीच में आने लगी है। उन्होंने सभी से गिले शिकवे मिटाकर आपसी सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की। मुख्य अतिथि विधायक दिनेश खटीक ने कहा कि भारत देश ही एक देश ऐसा है, जहां सभी समुदाय के लोग रहते हैं। ये आपस में भाईचारा कायम कर एक-दूसरे के त्योहारों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इसलिए भारत देश को विश्व गुरु कहा जाता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में अगर किसी देश को शांतिप्रिय कहा जाता है तो वह भारत है। उन्होंने कहा कि जातिवाद एवं धर्मवाद से हटकर सभी धर्मों के लोगों को एकजुट होकर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन एवं अमेरिका तथा पाकिस्तान और भारत को एक साथ नहीं होने देना चाहते हैं। उन्हें मालूम है कि यदि ये दोनों एक हो गए तो पूरे विश्व में सबसे बड़ी ताकत भारत होगा। कार्यक्रम के अंत में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को विधायक दिनेश खटीक व अन्य मंचासीन पदाधिकारियों ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. फराहीम ने किया। कार्यक्रम में काजी जेनुलरासुद्दीन, इमरान सिद्दीकी, सैय्यद अजहर अली, गोपाल अग्रवाल, अमित मोहन टीपू, सुरेश आर्य, जयप्रकाश जैन, अब्दुस समद, अभय गर्ग, विनय दुबलिश, ईशु गुप्ता, आदित्य, राजीव रस्तोगी, सैय्यद रिहानुद्दीन, सुशील, नरेश चौधरी, कैलाश कौशिक, मुकुल रस्तोगी, प्रवीण जैन, राजेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
मुख्य बातें
व्यापार मंडल के तत्वावधान में होली मिलन समारोह आयोजित