मेरठ। तीन योजनाओं (वेदव्यासपुरी, लोहिया नगर और गंगानगर) में मुआवजा वितरण को लेकर हुई बैठक में तय हुआ कि तीस जुलाई को ज्यादा से ज्यादा किसानों की फाइल पूरी कर चेक वितरण होगा। खास बात यह भी है कि आबादी का सर्वे फिर से किया जाएगा। लेकिन इस दौरान फाइल तैयार करने का काम नहीं रुकेगा।
एमडीए सभागार में मंगलवार को किसानों और एमडीए अधिकारियों के बीच बैठक हुई। दरअसल किसानों को जमीन का अतिरिक्त प्रतिकर दिया जाना है। उसके बदले भूखंड दिए जाने हैं। लेकिन जिन किसानों के भूखंड तीस मीटर से कम बन रहे हैं उन्हें पैसा दिया जाएगा। ऐसे ही किसानों को चेक देने के लिए तैयारी हो रही है। पहले 15 जुलाई, फिर 21 जुलाई को वायदे के बावजूद चेक न मिलने से किसान नाराज हैं। इसी को लेकर मंगलवार को एमडीए सभागार में बैठक हुई, जिसमें तीनों योजनाओं के किसानों ने एमडीए सचिव राजकुमार, तहसीलदार मनोज सिंह आदि से वार्ता की।
बैठक में किसानों ने कहा कि बार-बार वायदा किया जा रहा है। लेकिन भुगतान नहीं हो रहा है। इस पर एमडीए सचिव ने कहा कि फाइलें तैयार हो रही है। पूरी उम्मीद है कि 30 जुलाई को चेक वितरण कर दिया जाएगा। कुछ किसानों ने कहा कि आबादी के सर्वे में गड़बड़ी हुई है। इसे दोबारा किया जाए। इस पर तय हुआ कि सर्वे हो जाएगा। लेकिन केवल उसी किसान का जिसे आपत्ति है। पूरा सर्वे दोबारा नहीं होगा। इस दौरान अन्य काम भी नहीं रुकेगा। बैठक में राकेश पवार, बलबीर, पोपीन प्रधान, हरविंदर सिंह, सुरेंद्र भड़ाना, जसवीर सिंह, अनिल चौधरी, चमन सिंह, विनोद चेयरमैन, विकास, मुस्तफा आदि किसान मौजूद रहे।