मेरठ। महापौर सुनीता वर्मा और नगर आयुक्त मनोज कुमार चौहान के बीच चल रही आपसी रार हाईकोर्ट तक पहुंचने जा रही है। महापौर सुनीता वर्मा ने नगर आयुक्त की कार्य प्रणाली के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। इस संबंध में शुक्रवार को हाईकोर्ट में रिट दायर की जाएगी। इसके अलावा वे सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिलकर नगर आयुक्त की शिकायत करेंगी।
शहर में लगे कूड़े के ढेर, कार्यकारिणी बैठक घोषित नहीं करने और बोर्ड बैठक निरस्त करने आदि मामलों को लेकर महापौर और नगर आयुक्त के बीच जंग चल रही है। पिछले दिनों बैठक के लिए टाउन हाल के नहीं खुलने पर मामला और ज्यादा बढ़ गया था। अधिकारों को लेकर दोनों आमने-सामने आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को महापौर सुनीता वर्मा ने बताया कि नगर आयुक्त की कार्यप्रणाली से पूरा शहर नरक बन गया है। नगर आयुक्त अपने को सर्वेसर्वा समझ बैठे हैं। उनकी कार्य प्रणाली का दंश शहरवासियों को झेलना पड़ रहा है। जब भी बोर्ड बैठक की बात की जाती है तो वे टाल जाते हैं। इसके खिलाफ वे हाईकोर्ट जा रही हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात का समय लिया जाएगा। इसकी शिकायत वहां भी की जाएगी। शहरवासियों की चुनी हुई सरकार को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता।