विशाल की इंटरनल एग्जाम की कॉपियों की भी जांच शुरू
मेरठ।
जम्मू के कठुआ कांड के आरोपी विशाल जंगोत्रा के मामले में यूनिवर्सिटी द्वारा बनाई गई तीन सदस्यीय समिति ने जांच शुरू कर दी है। समिति ने आकांक्षा कॉलेज से विशाल के इंटरनल एग्जाम की कॉपियों की जानकारी मांगी है। इसके अलावा कॉलेज से उसकी उपस्थिति पत्र और एडमिशन फार्म भी मांगा हैं। समिति इंटरनल एग्जाम की कॉपियों और मुख्य परीक्षा की कॉपियों की हैंड राइटिंग का भी मिलान करेगी। अगर इंटरनल एग्जाम और मुख्य परीक्षा की कॉपियों में हैंड राइटिंग एक मिली तो साफ हो जाएगा कि विशाल ने ही सारी परीक्षाएं दी थीं।
जम्मू के कठुआ में 10 जनवरी को आठ साल की बच्ची का अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जम्मू पुलिस ने सांझीराम नाम के एक व्यक्ति, उसके नाबालिग भतीजे और दो अन्य लोगों को गैंगरेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सांझीराम के बेटे विशाल जंगोत्रा पर भी मामले में शामिल होने की बात कही थी। विशाल मुजफ्फरनगर के मीरापुर में रहकर आकांक्षा कॉलेज से बीएससी एजी कर रहा था। उसकी नौ जनवरी से खतौली केके जैन डिग्री कॉलेज में परीक्षाएं चल रही थीं।
मामले में एसआईटी ने दावा किया था कि विशाल 11 जनवरी की शाम मीरापुर से जम्मू गया और वारदात को अंजाम दिया। खुद को बचाने के लिए उसने अपनी जगह 12 जनवरी को किसी दूसरे युवक से परीक्षा दिलाई थी। जबकि विवि प्रशासन द्वारा जारी मार्कशीट के मुताबिक विशाल ने नौ, 12, 15 और 29 जनवरी तक की सभी नौ परीक्षाएं दी थीं। हालांकि रिजल्ट में वो फेल हो गया था। विशाल की कॉपियों को जम्मू एसआईटी ले जा चुकी है, लेकिन यूनिवर्सिटी के पास उनकी फोटो कॉपी हैं। शनिवार को इस मामले में समिति के सदस्य प्रो. मृदुल गुप्ता, डीएन सिंह और डिप्टी रजिस्ट्रार बीपी कौशल ने जांच शुरू की। समिति ने आकांक्षा कॉलेज और केके जैन डिग्री कॉलेज से विशाल के उपस्थित पत्र, इंटरनल एग्जाम की कॉपियां और दूसरे रिकॉर्ड मांग लिए हैं। एक सप्ताह के भीतर सारे कागजात देने को कहा गया है। जिसके बाद समिति अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट देगी। बता दें कि यूनिवर्सिटी की प्रथम दृष्टयता जांच में विशाल की सारी कॉपियों की हैंड राइटिंग और उपस्थित पत्र पर हस्ताक्षर एक से मिले हैं। कॉलेज स्टाफ भी कह चुका है कि विशाल परीक्षा के वक्त मीरापुर में ही था।