लाडले के लिए टिफिन की ट्रेनिंग ले रहीं मम्मियां
स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। शहर में ऐसी कई माताएं हैं, जिनके बच्चे इस बार पहली दफा विद्यालय जाएंगे। ये मम्मियां कुकिंग क्लास और यूट्यूब ट्यूटोरियल से टिफिन की ट्रेनिंग ले रही हैं। यहां पर वह सीख रही हैं कि बच्चों को पौष्टिक टिफिन कैसे दें, जिसे बच्चे मजे से खाएं। इस पर माताओं व चिकित्सकों की तस्वीर व राय पर केंद्रित स्टोरी।
मेरठ।
बच्चे को पहली बार चार-पांच घंटे के लिए स्कूल भेजने वाली माएं बच्चों को लेकर चिंतित हैं। उन्हें बच्चे की सेहत की चिंता भी सता रही है। ऐसे में बच्चे का टिफिन उनके लिए बड़ी परेशानी है। मम्मियों को समझ नहीं आ रहा है कि रोजाना बच्चे को टिफिन में क्या दें, जिसे वह आराम से रुचि के साथ खा सके। उसे पसंद भी आए और उसके लिए सेहतमंद भी हो। टिफिन में रोज सेहतमंद और रुचिकर वैरायटी देना मम्मियों के लिए चुनौती बन गई है। ऐसे में माएं कुकिंग क्लासेस का सहारा लेकर टिफिन रेसिपी सीख रही हैं। शहर में इन दिनों कुकिंग क्लासेस में टिफिन मेकिंग का प्रशिक्षण चल रहा है।
आठ सौ से 2500 में टिफिन पैकेज
कुकिंग क्लासेस में टिफिन मेकिंग के लिए 800 से 2500 रुपये फीस के पैकेज हैं। पैकेज में ज्वार, मक्का, गेंहू का आटा, सूजी, मूंगफली, मेवे, हरी सब्जियां, पंचअनाज, साबुत अनाज व फलों की मदद से विभिन्न प्रकार की रेसिपी सिखाई जाती हैं। बेकिंग, आइसिंग, फ्राई, रोस्टिंग और ऑइली हर प्रकार से खाना बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। पैकेज के अनुसार रेसिपी की संख्या बढ़ती-घटती है। इसमें डिप्स, रोटी, चटनी, सब्जियां और ड्रिंक्स भी शामिल हैं।
ज्वार केक, उपमा सैंडविच से स्प्राउट्स टिक्की
हेल्दी टिफिन पैकेज में मम्मियों को बच्चों के लिए ज्वार, बाजरा, गेंहू, मक्का व रागी के आटे का केक, सब्जियों के नूडल्स, वेजिटेवल उपमा सैंडविच, ज्वार डोसा, स्प्राउट्स टिक्की, चीज़ व सब्जियों के डिप्स आदि बनाना सिखाते हैं। ताकि बच्चे की पसंद का खाना उसके टिफिन में हो। साथ ही बच्चा समझ भी न पाए कि ये खाना लौकी, बैंगन, चुकंदर, पालक और ज्वार, गेहूं के आटे से बना है।
ऐसे बनाएं
------------
ज्वार केक--- ज्वार के आटे में मक्खन, पिसी चीनी, कोको पाउडर, बेकिंग पाउडर, खाने का सोडा मिलाकर अच्छे से छानें। दूध में मक्खन मिलाकर घोल बनाएं। इसमें आटे वाला मिश्रण डालकर अच्छे से फेंटकर केक की तरह घोल बनाएं। इस घोल क ो केक टिन में डालकर ऊपर से कद्दू के बीजों की गिरी से सजाएं। बेक करें और टिफिन में रखें। इसमें आप केले का गूदा भी मिक्स कर सकती हैं। इसी तरह अन्य आटाें के केक बनाएं। अगर यह केक बच्चे को घर पर खिलाने के लिए बना रही हैं तो इसमें अंडा भी मिला सकती हैं।
उपमा सैंडविच--- कढ़ाही में दो चम्मच मक्खन डालकर इसमें राई चटकाएं। इसमें मनचाही सब्जियों को बारीक काटकर दो मिनट भूनें। सूजी डालकर भूनें। सूजी भुनने के बाद इसमें दूध डालकर चलाएं। नमक, काली मिर्च पाउडर मिलाएं। जब हलवा बनकर कढ़ाही छोड़ने लगे तो गैस ऑफ कर दें। उपमे से छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर सेलो फ्राई या डीप फ्राई करें। ब्रेड पर टमाटर सॉस की परत बिछाएं इसके ऊपर खीरा, प्याज, टमाटर स्लाइस रखें। इसके ऊपर सूजी उपमे वाली टिक्की रखें। हरी चटनी या मनपसंद सॉस डालकर ब्रेड रखें। चाहें तो चीज भी डाल सकती हैं। सैंडविच जैसा बनाकर रखें।
स्प्राउट्स टिक्की--- मूंग, चने, सोयाबीन व मूंगफली के स्प्राउट्स तैयार करें। उबले आलू को मैश करके उसमें स्प्राउट्स मिलाएं। मनचाही सब्जियां बारीक काटकर मिलाएं। नमक, काली मिर्च पाउडर या मनचाहा सॉस डालकर मसाला बनाएं। इस मसाले से टिक्की बनाकर डीप फ्राई या सैलो फ्राई करके दही, मीठी चटनी या म्यूनिज के साथ टिफिन में दें। चाहें तो इस टिक्की से रोटी रैप बनाकर टिफिन में दें।
वर्जन-
मम्मियों के सबसे बड़ी समस्या है कि बच्चे को रोजाना टिफिन में क्या दूं, जो बच्चा खूब मजे से खाए और हेल्दी भी हो। बच्चों को सबसे ज्यादा जंकफूड पसंद आता है। लेकिन जंकफूड के नुकसान से बच्चों को बचाने के लिए मांए हेल्दी फूड चाहती हैं। इसलिए प्रोटीन वाली चीजों से कैसे क लरफुल खाना बनाएं इसकी ट्रेनिंग देते हैं। -संध्या गर्ग, कुकिंग विशेषज्ञ
आजकल बच्चे केवल जंकफूड खाते हैं। बच्चा घर पर रहे तो मम्मी उसे सामने बैठाकर कुछ खिला सकती है। लेकिन जब बच्चा स्कूल जाएगा तो बच्चा क्या खाएगा, यह बड़ा सवाल होता है। मम्मियों को ऐसी रेसिपी बताते हैं, जो वो झटपट बना सकें और हेल्दी भी हो। -पिंकी वर्मा, कुकिंग विशेषज्ञ