पूर्ण सुरक्षा में होगी मतगणना, मोबाइल रहेगा प्रतिबंधित
मेरठ। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी समीर वर्मा ने सोमवार को बचत भवन मेें नगर निकाय चुनाव की होने वाली मतगणना की तैयारियों पर समीक्षा बैठक ली। जिलाधिकारी ने सभी आरओ और एआरओ से कहा कि मतगणना में पूरी तरह निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाकर रखें। किसी भी विवाद पर तत्काल आरओ निर्णय लें और यदि वह सक्षम नहीं है तो उच्च स्तर पर अवगत कराएं।
समीर वर्मा ने कहा कि 1 दिसंबर की सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हो जाएगी। लेकिन मतगणना में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी सुबह 6.30 बजे अपने कार्यभार को संभाल लेंगे। इसके बाद प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ताओं और निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक की मौजूदगी में सुबह 7 बजे स्ट्रांग रूम खुलवाया जायेगा और उसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की मतगणना कताई मिल परतापुर में होगी। जबकि मवाना नगर पालिका के साथ ही मवाना तहसील अंतर्गत आने वाली नगर पंचायतों की मतगणना कृषक इंटर कॉलेज मवाना में होगी। इसी तरह नगर पालिका सरधना और सरधना तहसील अंतर्गत आने वाली नगर पंचायतों की मतगणना संत चार्ल्स इंटर कॉलेज सरधना में होगी। वहींनगर पंचायत खरखौदा और नगर पंचायत सिवालखास की मतगणना सदर तहसील के परिसर में होगी। मतगणना से पूर्व ही डाक मत पत्र ट्रेजरी से सुरक्षा बलों के साथ मतगणना स्थल पर पहुंच जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि सबसे पहले डाक मत पत्रों की गिनती होगी। इसके बाद ईवीएम और जहां पर बैलेट पेपर हैं, उनकी मतगणना होगी।
ये रहेगा मतगणना स्थल पर प्रतिबंधित
समीर वर्मा ने बताया कि मतगणना स्थल पर हथियार, मोबाइल, धूम्रपान व ज्वलनशील पदार्थ पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
88 टेबल पर होगी नगर निगम की मतगणना
कताई मिल परिसर में कुल 88 टेबल लगाई जा रही हैं। जिसमें 44 पार्षद तथा 44 महापौर की मतगणना की टेबल होंगी। मतगणना बिना किसी रुकावट के हो, इसके लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति होगी और जेनरेटर की भी व्यवस्था होगी।
दो गेट से होगा प्रवेश
मतगणना स्थल पर जाने व आने के लिए दो गेट बनाए जा रहे हैं। जिसमें एक गेट से प्रेक्षक, सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों का आवागमन होगा। जबकि दूसरे गेट से प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं का प्रवेश होगा। मतगणना परिणाम प्रेक्षक की अनुमति पर ही घोषित किया जाएगा।
आरओ बनाएंगे मतगणना के पास
समीर वर्मा ने निर्देश दिया कि सभी प्रत्याशी अपने अभिकर्ताओं के चार-चार फोटो संबंधित आरओ को तत्काल उपलब्ध कराते हुए मतगणना अभिकर्ता के पास बनवा लें।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजेश कुमार ने मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश पटेल, नगर मुकेश चंद्र, न्यायिक प्रवीणा, उपजिलाधिकारी सरधना राकेश कुमार सिंह, भाजपा प्रत्याशी प्रतिनिधि विवेक रस्तोगी, बसपा प्रत्याशी प्रतिनिधि योगेश वर्मा, कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिनिधि हरिकिशन वर्मा, बीजेपी मीडिया प्रभारी आलोक सिसौदिया आदि मौजूद रहे।
खास बात
जिलाधिकारी ने एक दिसंबर को होने वाली मतगणना की तैयारियों पर ली बैठक