एमआईईटी में बिखरेंगे कला के रंग, छात्र दिखाएंगे क्रिएटिविटी
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में दो दिन कला के रंग बिखरेंगे। रंगोत्सव में छात्र-छात्राएं अपने हुनर से कला के विभिन्न आयाम पेश करेंगे। संस्थान ही नहीं मेरठ के करीब 50 संस्थानों के छात्र-छात्राएं इस प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता के अलावा डांस का भी धमाल होगा। कला, संस्कृति ओर क्रिएटिविटी के रंग रंगोत्सव में देखने को मिलेंगे। अमर उजाला इस कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर है।
रंगोत्सव समारोह का आगाज 23 सितंबर को होगा और समापन 24 सितंबर को होगा। रंगोत्सव में युवाओं को अपनी रचनात्मकता व कला प्रतिभा को दिखाने का पूरा मौका मिलेगा। दो दिवसीय आयोजन में रंगोली, पेंटिंग, फोटोग्राफी, टीशर्ट पेंटिंग, टैटू मेकिंग, कोलाज मेकिंग सहित कई प्रतियोगिताएं होंगी। मुख्य आकर्षण का केंद्र फोटोग्राफी एक्सपो, द आर्ट एक्सपो, फेस पेंटिंग, आर्ट अटैक, पेनक्राफ्ट, कैसल मेकिंग, पॉपअप नेल्स, ब्लाइंड आर्ट, कलर हंट, डिजिटल आर्ट, ग्रेफिटी आर्ट लैंड, बीट द बूगी साइफर डांस बैटल चैंपियनशिप और लाइव आर्ट परफोरमेंस होगी। दो दिवसीय कार्यक्रम में शहर से करीब कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वह अपने हुनर का लाइव परिचय देंगे। आर्ट एक्सपो और फोटोग्राफी एक्सपो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।