अमर उजाला लाइव
लाइन में लगने की बाद भी छूट नहीं
गैस सिलेंडर की नहीं हो पा रही होम डिलीवरी नहीं, उपभोक्ता को लगना पड़ता है लाइन में
राजकुमार सैनी
मेरठ। शहर में गैस उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी नहीं मिल रही है, लेकिन उनसे होम डिलीवरी का चार्ज वसूला जा रहा है। दिन निकलते ही लोग सिलेंडर लेेने के लिए लाइन में लग रहे हैं। रविवार को अमर उजाला टीम ने जनता की शिकायत पर कुछ एजेंसियों की गैस वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। परेशान उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वे गैस वितरक से लेकर मैनेजर तक से होम डिलीवरी न मिलने और शुल्क वसूली, कम गैस दिए जाने की शिकायत करते हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। रविवार को अमर उजाला टीम सुबह लगभग 10.30 बजे विक्टोरिया पार्क के सामने कचहरी नाले के किनारे पेट्रोल पंप के पीछे पहुंची। वहां खाली स्थान पर सिलेंडरों के साथ लोग लाइन लगाए खड़े थे। उन्होंने बताया कि उन्हें गैस के लिए कई कई घंटे खड़ा रहना पड़ता है।
कई घंटे लाइन में लगना पड़ता है
पचपेड़ा निवासी महिला पुष्पा ने बताया कि कभी गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं मिली। सिलेंडर खत्म होने पर नाले के किनारे ही पहुंचना पड़ता है। कई-कई घंटे लाइन में लगने के बाद सिलेंडर मिलता है। कोई छूट भी नहीं मिलती।
नहीं मिलती छूट
देवीनगर निवासी कमलकिशोर का कहना है कि जब भी कभी हॉकर ने होम डिलीवरी की तभी सिलेंडर में दो-तीन किलो गैस कम मिली। मजबूरी में हम यहां से सिलेंडर लेने आते हैं। यहां होम डिलीवरी के शुल्क 19 रुपये की छूट भी नहीं मिलती है।
गैस चोरी की जाती है
ढबाईनगर निवासी जहीर का कहना है कि होम डिलीवरी करने वाले हॉकर गैस चोरी करते हैं। गैस एजेंसी के निकट ही मोहनपुरी में गैस चोरी की जाती है। उसके बाद ही होम डिलीवरी की जा रही है। गैस कम न मिले इसलिए ही मजबूरी में स्वयं गैस सिलेंडर लेने आते हैं।
गाड़ी आए तो सिलेंडर मिले
मुनीश गुप्ता का कहना है कि सुबह तीन घंटे से गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हैं। एक गाड़ी आई थी, जिसमें मौजूद सारे सिलेंडर बंट गए। अब दूसरी गाड़ी आने की बात कही गई है। जब गाड़ी आएगी तो सिलेंडर मिलेंगे।
नहीं पहुंचा सिलेंडर घर
पांडव नगर निवासी राजेंद्र का कहना है कि हम तो चाहते हैं कि होम डिलीवरी मिले। लेकिन क्या करें हॉकर घर पर सिलेंडर देते ही नहीं। अगर कभी शिकायत करने पर घर सिलेंडर लेकर पहुंचते भी हैं तो उसमें गैस कम होती है। मजबूरी में हम ही सिलेंडर लेने आते हैं।
सुविधा बगैर ही वसूला जा रहा शुल्क
पेट्रोलियम मंत्रालय के आदेशानुसार गैस वितरकों को शत प्रतिशत होम डिलीवरी देनी होगी। अगर कोई उपभोक्ता किसी कारणवश होम डिलीवरी लेने से इंकार करता है और वह गोदाम से स्वयं गैस सिलेंडर लेना चाहता है तो उसको होम डिलीवरी शुल्क यानी 19 रुपये की छूट देनी होगी। लेकिन यहां किसी आदेश का अनुपालन नहीं हो रहा है। सभी उपभोक्ताओं से होम डिलीवरी चार्ज भी वसूला जा रहा है।
अगर कोई उपभोक्ता होम डिलीवरी लेना नहीं चाहता है तो उसको गैस एजेंसी पर एक शपथ देना होगा। उसमें वजह भी लिखनी पड़ेगी। उसके बाद ही उपभोक्ता को गोदाम से गैस सिलेंडर मिलेगा। साथ ही होम डिलीवरी चार्ज 19 रुपये से छूट मिलेगी। सूरजकुुंड कचहरी नाले के किनारे एक गाड़ी सिलेंडरों की सप्लाई कराते हैं। अपनी स्वेच्छा से उपभोक्ता यहां सिलेंडर लेने पहुंचते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को 19 रुपये का लाभ नहीं दिया जा सकता है। राकेश शर्मा, मालिक, सविता गैस एजेंसी