वसुंधरा में कॉस्टिंग यार्ड और मोदीपुरम में डिपो की तैयारी
- मेरठ में मोदीपुरम में डिपो और गाजियाबाद में वसुंधरा में बनेगा कॉस्टिंग यार्ड।
- 8.5 एकड़ में कॉस्टिंग यार्ड, मिट्टी की जांच का कार्य अंतिम दौर में पहुंचा।
मेरठ। नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की तरफ से निर्माण कार्य से पहले डिपो और कॉस्टिंग यार्ड के लिए जमीन तलाशने की शुरुआत हो गई है। लोकसभा चुनावों के बाद पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक 16.5 किलोमीटर के निर्माण कार्य के लिए कॉस्टिंग यार्ड लगाया जाना है। इसके लिए गाजियाबाद के वसुंधरा में जगह तलाशी जा रही है। वहीं, मेरठ के मोदीपुरम और दौराला के बीच में डिपो बनाने के लिए जमीन तलाशी जा रही है।
82 किलोमीटर के दिल्ली से मेरठ रैपिड रेल प्रोजेक्ट के लिए मोदीपुरम में डिपो बनाने के लिए 64 हेक्टेयर जमीन की जरुरत होगी। इसके लिए पैमाइश शुरू कर दी गई है। 29 अप्रैल को लखनऊ में होने वाली हाईलेवल कमेटी की बैठक में जमीन अधिग्रहण मामलों पर भी विचार किया जाना है। जिससे प्रोजेक्ट के निर्माण् के समय किसी भी तरह की रुकावट न हो सके। निर्माण शुरू होने से पहले रैपिड रेल के सामान रखने के लिए भी जमीन की जरुरत होगी।
अंतिम चरणों में मिट्टी की जांच
इसके अलावा मिट्टी की जांच का कार्य भी अंतिम चरणों में पहुंच गया है। गाजियाबाद से लेकर दिल्ली रोड स्थित शॉपरिक्स मॉल तक मिट्टी की जांच का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, मोदीपुरम क्षेत्र में मिट्टी की जांच का कार्य चल रहा है। अब शॉपरिक्स मॉल से आगे मिट्टी की जांच का कार्य शुरू हो गया है। अभी भी 100 से अधिक जगहों पर मिट्टी की जांच का कार्य किया जाना है।