बरेली। बीएड की राज्यस्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय में नोडल अफसर और नोडल कोआर्डिनेटर की बैठक हुई। इस दौरान परीक्षा के राज्य समन्वयक एवं अन्य अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। परीक्षा 15 अप्रैल को 1216 परीक्षा केंद्रों पर दो पाली में, सुबह नौ से 12 बजे और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
बैठक में बताया गया कि इस बार बीएड की प्रवेश परीक्षा भी सीसीटीवी की निगरानी में होगी और ऑनलाइन मॉनीटरिंग के जरिये रुहेलखंड विश्वविद्यालय निगरानी करेगा। परीक्षा शुरू होने से अधिकतम 30 मिनट पहले और शुरू होने के अधिकतम 30 मिनट बाद तक अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा। इसके बाद पेपर खत्म होने पर ही परीक्षार्थी केंद्र से बाहर आ सकेंगे। मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निषेध होंगे। सिर्फ केंद्र अध्यक्ष, केंद्र सहायक, पर्यवेक्षक और डीएम की ओर से नामित केंद्र प्रतिनिधि को ही मोबाइल रखने की छूट होगी। मेरठ में 98 केंद्रों पर 49065 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।