अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। कस्बे हर्रा के वार्डों में नाली चोक होने से पानी सड़कों पर बह रहा है। जिससे लोगों को रास्तों से गुजरना दूभर हो रहा है। कस्बा निवासी अली मोहम्मद, शौकीन, हसमत, यूसुफ, कय्यूम, जाहिद, मूसा, इकबाल, आबिद, रिजवान, यामीन, मुस्तकीम, लियाकत, कदीर, याहिया आदि ने बताया कि कुछ दिनों पहले शासन द्वारा किए गए स्वच्छता रैंकिंग सर्वे में निचला स्थान हर्रा नगर पंचायत को मिला। बताया कि कई वार्डों में नाली चोक होने के कारण पानी सड़क पर भरा रहता है। जिससे रास्ते भी टूट चुके हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे व रास्तों से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं गंदगी होने से मच्छर बढ़ रहे हैं। बताया कि कई बार शिकायत कर चुके हें पर नगर पंचायत की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। वहीं, अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी का कहना है कि कस्बे में नियमित रूप से सफाई व्यवस्था चालू है। यदि कहीं पर इस तरह की समस्या है उसका निस्तारण किया जाएगा।