स्वाइन फ्लू से युवक की मौत
- नौ मार्च को मेडिकल कॉलेज में हुई थी पुष्टि
- तीन महिलाओं समेत चार नए मरीज मिले
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मौसम बदलने के बाद भी स्वाइन फ्लू का हमला जारी है। स्वाइन फ्लू से एक और युवक की मौत हो गई है। इसके अलावा तीन महिलाओं समेत चार नए मरीज मिले हैं।
मृतक रजत कांत त्यागी (35) व्यापारी थे। वह गढ़ रोड पर अजंता कालोनी में रहते थे। मूल रूप से पूठी गांव के थे। इनके भाई रमन त्यागी नीर फाउंडेशन के संचालक हैं। परिवार से जुड़े गौरव शर्मा ने बताया कि रजत को बुखार होने पर आठ मार्च को आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नौ मार्च को मेडिकल कॉलेज की लैब में उन्हें स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। 11 मार्च को उन्हें मेदांता अस्पताल गुरुग्राम में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
दूसरी तरफ, शनिवार को तीन महिलाओं समेत चार नए मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दो मरीज मेरठ के रहने वाले हैं, जबकि एक-एक मरीज हापुड़ और बुलंदशहर का है। इनका इलाज सरकारी और निजी अस्पतालों में चल रहा है। नए मरीजों में लालकुर्ती की 38 वर्षीय महिला और माधवपुरम का 32 वर्षीय युवक है। हापुड़ की पीड़ित महिला 52 साल की है और बुलंदशहर की महिला 34 वर्षीय है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि इस साल अब तक 576 लोग स्वाइन फ्लू के मिले हैं। इनमें 380 मरीज मेरठ के हैं और 196 मरीज आसपास के जिलों के हैं। चार लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक इस साल कुल 1700 से ज्यादा सैंपलों की जांच हुई है। 2017 में स्वाइन फ्लू के मेरठ में 395 मरीज मिले थे। इनमें 21 लोगों की मौत हो गई थी।