नामांकन का दूसरा दिन, 22 मार्च को हो सकता है पहला नामांकन
मेरठ। लोकसभा चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भी सिर्फ नामांकन पत्र लेने पर जोर रहा। इस दिन कुल 20 नामांकन पत्र वितरित हुए। जिसमें पूर्व सपा नेत्री और कर्तव्य राष्ट्रीय पार्टी की अध्यक्ष आरसी किरण जाटव ने भी नामांकन पत्र लिया।
दूसरे दिन भारतीय जनता दल, बहुजन मुक्ति पार्टी, आईवीएमएल, स्वतंत्रता जनता राज पार्टी, हिंदुस्तान निर्वाण दल के साथ 14 निर्दलीयों ने भी नामांकन पत्र लिया। एआरओ और सिटी मजिस्ट्रेट संजय पांडे ने बताया कि आगामी दो दिन होली पर्व के चलते अवकाश रहेगा। 22 मार्च को फिर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में उम्मीद है कि जहां 22 मार्च को भी नामांकन पत्र लेने वालों का जोर रहेगा, वहीं इस दिन नामांकन पत्र दाखिल भी हो सकते हैं। वहीं, दूसरी तरफ पहले दिन दिव्यांगों के कारण नामांकन पत्र लेने में मची अफरातफरी को देखते हुए कलक्ट्रेट के भीतर जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। दिव्यांग दूसरे दिन भी एकजुट होकर नामांकन पत्र लेने पहुंचे, लेकिन नगर आयुक्त आवास के कोने पर सभी को रोक दिया गया और उनके अभिलेख जांचने के बाद एक-एक कर नामांकन पत्र लेने भेजा गया।