एक साल बाद भी ऑनलाइन नहीं हुईं टॉपर्स की कॉपियां
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। एक साल बाद भी टॉपर्स की कॉपियां सीसीएसयू ऑनलाइन नहीं कर पाई है। इससे हजारों छात्र मायूस हैं। अगर यूनिवर्सिटी विषयों के टॉपर्स की कॉपियों को वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड कराए तो दूसरे छात्रों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी। न सिर्फ उनको टॉप करने के टिप्स मिलेंगे, बल्कि खुद को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार भी कर पाएंगे।
सीसीएस यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में जितने नंबर आजकल छात्र-छात्राओं के आ रहे हैं उतने शायद किसी दूसरी यूनिवर्सिटी में आ रहे हों। लेकिन जहां एकतरफ टॉपर्स इतना अच्छा स्कोर कर रहे हैं वहीं, दूसरी तरफ हर साल फेल होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या भी बढ़ रही है। ऐसे में यूनिवर्सिटी ने सालभर पहले तय किया था कि कैंपस और कॉलेजों के विषयों के टॉपर्स की कॉपियों को वेबसाइट पर ऑनलाइन अपडेट कराएंगे। इसका मकसद था कि एक तो टॉपर्र्स का नाम होगा दूसरा उनकी कॉपियां देखकर दूसरे छात्र-छात्राएं भी प्रेरणा लेंगे। इससे अच्छे नंबर लाने का ग्राफ बढ़ेगा। कई दूसरी यूनिवर्सिटी में ऐसा हो चुका है। जिसके चलते छात्र-छात्राओं को अंदाजा रहता है कि किस सवाल पर किस तरह से जवाब देने से अच्छे नंबर मिलते हैं। किस तरह से परीक्षक को वे अच्छे नंबर देने के लिए आकर्षित कर सकते हैं। लेकिन यह योजना सिर्फ फाइलों में दबकर रह गई। अभी तक किसी भी टॉपर की कॉपियों को ऑनलाइन अपलोड नहीं किया जा सका है।
पीजी में 93 फीसदी तक तो यूजी में 80 फीसदी के पार
पहले जहां यूजी-पीजी में नंबरों का प्रतिशत 70 से 75 फीसदी रहता था, वहीं अब ये 93 तक पहुंच रहा है। इस बार की ही बात करें तो कैंपस के बॉॅटनी विभाग की छात्रा नेहा त्रिपाठी ने 93 फीसदी अंक प्राप्त किए। एमए म्यूजिक की छात्रा चीनू के 89 फीसदी नंबर आए। एमएससी फिजिक्स के छात्र मनीष मणि शर्मा ने 88.2 नंबर प्राप्त किए। एमकॉम में छात्रा सुमैया कौशर ने 86 फीसदी नंबर लाकर टॉप किया। कैंपस में एमए संस्कृत में स्वाति के 86 फीसदी नंबर आए। एमएससी भौतिक में सत्यांश जैन ने 86 फीसदी नंबर प्राप्त किए। एमएससी मैथ में शिवानी गोयल के 85.8 फीसदी नंबर आए। बीएससी गणित में जहां वंशिका जैन ने 85 फीसदी नंबर प्राप्त किए। वहीं बीए में अनीका गोला ने 81, बीएससी में रितिका गुप्ता ने 83 और बीएससी एजी में नीरू पंवार के 80 फीसदी नंबर आए।
शुरू में अपलोड कर सकते हैं रेग्युलर विषयों की कॉपियां
सीसीएसयू में हर साल एक लाख से अधिक छात्र-छात्राएं यूजी और पीजी में फाइनल ईयर पूरा करते हैं। एडेड और राजकीय कॉलेजों की संख्या 66 है। ऐसे में शुरुआत में बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम, एलएलबी और एलएलएम जैसे विषयों के टॉपर्स की कॉपियों को ही अपलोड कर दिया तो छात्रों को इसका काफी फायदा मिलेगा।
कॉपियां जल्द कराएंगे ऑनलाइन
इसके बारे में अधिकारियों से जवाब तलब किया जा रहा है। अभी तक ऑनलाइन कॉपियां अपलोड किए जाने काम शुरू क्यों नहीं किया गया है। इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इस बार से हर हाल में टॉपर्स की कॉपियों को ऑनलाइन वेबसाइट पर अपलोड कराया जाएगा। प्रो. एनके तनेजा, कुलपति