आतंकी अजहर मसूद का है दारुल उलूम से संबंध: सुरेंद्र जैन
अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद(सहारनपुर)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बाद अब विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेंद्र जैन ने दारुल उलूम देवबंद को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने शनिवार को देवबंद में आयोजित शंखनाद जनसभा में कहा कि आतंकी अजहर मसूद का संबंध देवबंद के दारुल उलूम से है। मैं दावा करता हूं, यदि किसी मौलवी में हिम्मत है, तो मुझसे आकर सबूत मांगे, तो बता दूंगा। उन्होंने दारुल उलूम देवबंद को लेकर एक भड़काऊ नारा भी लगवाया।
शंखनाद जनसभा में सुरेंद्र जैन ने कहा कि मसूद अजहर कहता है कि यदि राम मंदिर बनेगा तो काबुल से लेकर दिल्ली तक लाशें बिछा देंगे। उन्होंने अजहर मसूद को चुनौती देते हुए कहा कि अगर तुम्हारी मां ने दूध पिलाया है, तो एक बार दिल्ली की तरफ मुंह करके देख लो। अब 1947 नहीं है, जब एक धमकी पर नेहरू जी झुक गए थे और उन्होंने भारत का विभाजन स्वीकार कर लिया था। आज मोदी और योगी हैं। यदि पूरी दुनिया एक हो जाए तो भी भव्य राम मंदिर को बनने से कोई नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि 1528 में जिस दिन बाबर ने राम मंदिर तुड़वाया था, उसी दिन से हिंदू संघर्ष कर रहा है। यदि सोमनाथ की तरह उस समय अयोध्या में मंदिर बन जाता तो समाज में उग्रवाद और आतंकवाद नहीं होता और कोई जेहाद नहीं करता, यह दारुल उलूम भी नहीं होता। अगर होता तो पूरे देश के अंदर रामराज होता। कोई भी वंदेमातरम और भारत माता की जय बोलने का विरोध नहीं करता। सब एक भारत माता के सुपुत्र होते।
उन्होंने आरोप लगाया कि सऊदी अरब और पाकिस्तान से दारुल उलूम को जो आर्थिक सहायता दी जाती है, उससे राष्ट्र विरोधी तैयार किए जाते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से इसकी जांच करने की मांग की है। कार्यक्रम में बजरंग दल के प्रांत संयोजक बलराज डूंगर ने कहा कि दिल्ली में होने वाली धर्म सभा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कार्यकर्ता जुटेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपाल सिंह और संचालन विकास त्यागी ने किया। कार्यक्रम में डाक्टर राजकुमार रावत, जिलाध्यक्ष मांगेराम, नवाब सिंह, शिवकुमार गौड़, श्यामवीर त्यागी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप शर्मा, पंकज त्यागी, हरीश शर्मा, आशीष रोड, नेपाल सिंह, विवेक त्यागी, आशुतोष गुप्ता, डाक्टर पवन सिंह, राजवीर सिंह और गजराज राणा आदि मौजूद रहे।
- मुजफ्फरनगर और गुजरात की याद भी दिलाई
देवबंद। विहिप नेता सुरेंद्र जैन ने पत्रकार वार्ता में कहा कि देश में पांच साल में 65 आतंकवादी पकड़े गए हैं, उनका संबंध दारुल उलूम के साथ है। इसलिए बार-बार धमकी दी जा रही है, लेकिन हिंदू समाज का सामर्थ्य बार-बार सामने आ रहा है, जिसे गुजरात में भी देखा और मुजफ्फरनगर में भी देखा। मुझे लगता है कि अब इन्हें धमकी देना बंद करना चाहिए। सुरेंद्र जैन ने कहा कि इनके संस्थापक (दारुल उलूम) के गुरु वहाबी संप्रदाय के संचालक थे और वहाबी आतंकवाद का जनक है। इसलिए साफ शब्दों में कहता कि हूं यहां से आतंकवादी पकड़े जाते हैं, आखिर क्यों? इसलिए सफाई नहीं चाहिए, जांच सरकारी जांच एजेंसी कर रही है।