मेरठ। परतापुर बाईपास पर सीएनजी लीक होने से चलती कार में आग लग गयी। सूझबूझ दिखाते हुए चालक चलती कार से कूद गया। आग का गोला बनी कार से हाईवे पर जाम लग गया। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। गांव ममूरी दौराला निवासी मोहित पुत्र जयकार सिंह एनसीआर में गाड़ी चलाता है और गाजियाबाद में रह रहा है। शनिवार सुबह वह स्विफ्ट डिजायर कार से गाजियाबाद जा रहा था। परतापुर बाईपास पर कार से अचानक धुआं निकलने लगा। मोहित कुछ समझ पाता, इतने में ही कार में आग लग गयी। जिस पर मोहित स्पीड कम कर कार से कूद गया। हाईवे पर आग का गोला बनी कार देख अफरातफरी मच गई। इस दौरान यातायात भी थम गया। मोहित ने बताया कि कुछ दिन पहले कार का सीएनजी सिस्टम खराब हो गया था। जिसे ठीक कराया था। संभवत: सीएनजी से ही कार में आग लगी है।