पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल का बेटा गैंगेस्टर एक्ट में गिरफ्तार
सहारनपुर। मिर्जापुर पुलिस ने पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल उसके पुत्रों जावेद व वाजिद और भाई बसपा एमएलसी महमूद अली को गैंगेस्टर एक्ट में निरुद्ध किया है। इस मामले में पुलिस ने जावेद को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने हाल ही में हरिद्वार के एक व्यक्ति की जमीन कब्जाने के मामले में इनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। बसपा नेता और पूर्व एमएलसी इकबाल और उनके परिवार के खिलाफ चार मामले जमीन पर कब्जा करने के दर्ज हो चुके हैं। सोमवार दोपहर जावेद की गिरफ्तारी के विरोध की आशंका के चलते पुलिस उसे पकड़ने के बाद जिला मुख्यालय लेकर आई, शाम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार अग्रवाल ने जावेद की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। एमएलसी महमूद अली का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है और उनके परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिस दिन कब्जे होने की बात कही जा रही है, उस दिन उनके भाई विदेश में थे। इस कार्रवाई खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।