मेरठ। मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने मंडलीय कानून एवं शांति व्यवस्था की बैठक में बड़े भूमाफियाओं को चिह्नित कर जेल भेजने, जनप्रतिनिधियों की बातों पर ध्यान देने, महिलाओं व एससी वर्ग के मामलों पर संवेदनशील व गंभीर होने, गैंगेस्टर एक्ट में निरुद्ध अपराधियों की संपत्ति कुर्क करने, संगठित अपराधियों व माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मेरठ जिले में हत्या और वाहन चोर की घटनाएं बढ़ी हुई पायी गयी।
आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स सख्ती से काम करे और किसी भी स्थिति में सरकारी जमीन पर कब्जा न होने दें। सिंचाई, नगर विकास, आवास विकास, पीडब्लूडी व राजस्व विभाग को एंटी भूमाफिया टास्क में विशेष कार्रवाई करनी है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि सबसे ज्यादा अवैध कब्जे उनकी जमीनों पर हैं, इसलिए प्रशासन के सहयोग से उसे कब्जा मुक्त कराएं।
मंडलायुक्त ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि अच्छी छवि वाले व योग्य व्यक्ति को ही थानाध्यक्ष बनाएं। उन्होंने एससी एक्ट के मामलों में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने व पीड़ितों को आर्थिक सहायता समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि संगठित अपराधी व माफिया जिसमें भू, खनन, शराब, पशु, परिवहन व वन आते है, उन पर सख्त कार्रवाई कर जेल भेजा जाए।
हत्या और वाहन चोरी में मेरठ ऊपर
बैठक में जेडीसी एबी मिश्रा ने बताया कि मई 2017 व मई 2018 का तुलनात्मक आकलन करने पर सामने आया है कि मेरठ में हत्या व वाहन चोरी जबकि हापुड़ में शील भंग की घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई हैं। बैठक में आईजी रेंज रामकुमार सहित सभी जनपदों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
खास बातें:
मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक में रिपोर्ट आयी सामने