मेरठ। पश्चिमी कचहरी रोड पर शराब की दुकान खुलने से वहां काफी वर्षों से क्लीनिक चलाने वाले चिकित्सकों की परेशानी का संज्ञान लेते हुए आईएमए की आपात बैठक शनिवार शाम बुलाई गई, जिसमें आईएमए कार्यकारिणी ने निर्णय लिया है कि आईएमए का प्रतिनिधिमंडल कमिश्नर, डीएम और एसएसपी से मिलकर शराब की दुकान हटाने का अनुरोध करेगा।
वहां प्रैक्टिस करने वालीं महिला चिकित्सकों डॉ. मधु मांगलिक, अर्चना मित्तल, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. सुनीता सिंह, डॉ. अनामिका शर्मा ने शराब की यह दुकान खुलने से अपनी सुरक्षा के लिए खतरा बताया। उनका कहना था कि जब से दुकान खुली है, तब से कॉम्पलेक्स में असामाजिक तत्वों का आवागमन बढ़ गया है। इससे महिला चिकित्सकों, महिला मरीजों के साथ अप्रिय घटना होने की आशंका बढ़ गई है।