जीपीएस से जोड़े जाएंगे गंगा के तटवर्ती गांव
मेरठ। मुख्य विकास अधिकारी आर्यिका अखौरी ने जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक में बताया कि 22 अप्रैल से 16 सितंबर तक गंगा हरीतिमा अभियान के तहत गंगा संरक्षण जागरूकता और हरीतिमा सवंर्द्धन पर काम होगा। इसके लिए विशेष आयोजन के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कार्बन ऑफ सेटिंग हेतु ग्राम सभाओं के अंतर्गत भूमि चयन का काम अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंपा। उन्होंने कहा कि चयनित भूमि पर औद्योगिक इकाईयों द्वारा कारपोरेट सोशल जिम्मेदारी के अंतर्गत पौधरोपण और उसका अनुरक्षण कराया जाएगा।
बैठक में सीडीओ आर्यिका अखौरी ने बताया कि गंगा के निर्मल एवं अविरल प्रवाह तथा गंगा किनारे निवास करने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से संबंधित ग्रामों का समग्र विकास हेतु गंगा हरीतिमा अभियान का आयोजन शासन द्वारा कराया जा रहा है। इसके तहत 22 अप्रैल पृृथ्वी दिवस एवं गंगा सप्तमी, 24 मई गंगा दशहरा, पांच जून विश्व पर्यावरण दिवस, एक जुलाई वन महोत्सव, एक अगस्त विश्व मित्रता दिवस, 12 अगस्त विश्व युवा दिवस, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 26 अगस्त रक्षाबंधन, पांच सितंबर शिक्षक दिवस व 16 सितंबर विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
गंगा सेवा समितियों का होगा गठन
गंगा हरीतिमा के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें सभी संबंधित अधिकारी व सदस्यों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर गंगा सेवा समितियों का गठन किया जाएगा। जिसे जिला पंचायत राज अधिकारी करेंगे।
वन विभाग कराए वृहद पौधरोपण
डीएफओ अदिति शर्मा ने बताया कि वन विभाग द्वारा पौधरोपण का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री कृषक वृक्षधन पौधरोपण का कार्य ग्राम्य विकास विभाग तथा मुख्यमंत्री फ लोद्यान योजना के अंतर्गत पौधरोपण का कार्य उद्यान विभाग द्वारा किया जाएगा। अभियान के तहत एक व्यक्ति एक वृक्ष की योजना तैयार की गई है। दिल्ली रोड पर संजय वन रिठानी एवं हस्तिनापुर क्षेत्र में दूधली वन ब्लाक में स्मृति वन की स्थापना की गई है। जिसमें सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वेच्छा से कम से एक पौधा अवश्य लगाये जाने का आह्वान किया गया।
21 अप्रैल को पृथ्वी दिवस पर होगा आयोजन
डीएफओ ने बताया कि 21 अप्रैल को एक्सेवियर गर्ल्स स्कूल, मवाना रोड मेरठ में पृथ्वी दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न स्कूलों द्वारा पेंटिग, स्लोगन व कविता लेखन प्रतियोगिता होगी। जबकि 22 अप्रैल को मखदूमपुर गंगा घाट के किनारे गंगा सप्तमी का आयोजन किया जाएगा।
खास बातें:
गंगा हरीतिमा अभियान के तहत होगा जीपीएस पर काम
गंगा संरक्षण जागरूकता एवं हरीतिमा संवर्द्धन के लिए होंगे विशेष आयोजन
21 अप्रैल को एक्सेवियर गर्ल्स स्कूल में पृथ्वी दिवस का होगा आयोजन